अयान मुखर्जी के पिता देब मुखर्जी का शुक्रवार होली के मौके पर निधन हो गया। उन्होंने 83 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली। देब मुखर्जी के निधन की खबर सुनकर बॉलीवुड को बड़ा झटका लगा है। इस दुख की घड़ी में अयान का साथ देने के लिए करीबी दोस्त रणबीर कपूर और आलिया भट्ट पहुंचे। दोनों अलीबाग में छुट्टी पर थे लेकिन, इस खबर के बाद वो तुरंत वहां से लौट आए। अयान के पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए अंतिम यात्रा में बी-टाउन से उनके अलावा अनिल कपूर समेत कई सेलेब्स पहुंचे थे। ऐसे में रणबीर कपूर के कंधा देने से लेकर काजोल का जया बच्चन के गले लग रोने तक की कई इमोशनल पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई है। चलिए दिखाते हैं देब मुखर्जी की अंतिम यात्रा के इमोशनल पल…

रणबीर कपूर ने अर्थी को दिया कंधा

इस बीच रणबीर कपूर की एक फोटो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही। अयान मुखर्जी के पार्थिव शरीर को रणबीर कपूर ने कंधा दिया। वो अपने कंधों पर उठाकर अंतिम संस्कार के लिए उन्हें लेकर गए। जहां एक तरफ होली के मौके पर देश और सेलेब्स रंगों में रंगे थे वहीं, अयान के घर पर मातम पसरा हुआ था। गम के माहौल में रणबीर ने करीबी दोस्त का साथ दिया और दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहे। इस बीच आलिया भट्ट भी मौजूद रहीं। उन्होंने भी अयान को हौसला दिया।

जया बच्चन के गले लग रोईं काजोल

अयान मुखर्जी के पिता के निधन की खबर सुनते ही काजोल भी उनके घर पहुंचीं। काजोल और अयान मुखर्जी के बीच करीबी रिश्ता है। उनके पिता एक्ट्रेस के अंकल लगते थे। वहीं, रानी मुखर्जी और काजोल कजिन सिस्टर हैं। इस लिहाज से अयान का दोनों एक्ट्रेस के साथ भाई-बहन वाला रिश्ता है। ऐसे में देब मुखर्जी के निधन पर काजोल काफी इमोशनल नजर आईं। जया बच्चन जब उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचीं तो एक्ट्रेस उनके गले लगकर अपने आंसू रोक नहीं पाईं। उनके इस इमोशनल पल का वीडियो भी सामने आया है। बताया जाता है कि काजोल अपने अंकल के बेहद करीब थीं।

ये स्टार्स भी पहुंचे, दी श्रद्धांजलि

रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, जया बच्चन और काजोल के अलावा अयान मुखर्जी के घर बॉलीवुड के अन्य सेलेब्स भी पहुंचे। इस दौरान ऋतिक रोशन स्टिक लिए हुए नजर आए। उनके हाथ में पट्टी लगी थी। बीते दिनों ही उनको लेकर खबर सामने आई थी कि ‘वॉर 2’ की शूटिंग के दौरान उन्हें चोट लग गई थी, जिसके बाद डॉक्टर ने उनको बेड रेस्ट की सलाह दी थी। लेकिन, देब मुखर्जी के निधन की खबर सुनकर वो भी बेड रेस्ट छोड़कर उनके घर स्टिक के साथ पहुंचे। उनके अलावा अनिल कपूर, करण जौहर, किरण राव और सलीम खान भी पहुंचे थे।

‘ब्रह्मास्त्र’ के डायरेक्टर अयान मुखर्जी के पिता का हुआ निधन तो आलिया भट्ट का बर्थडे सेलिब्रेशन छोड़ अलीबाग से मुंबई लौटे रणबीर कपूर