रविवार देर रात दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने 8 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद आम आदमी पार्टी के तमाम नेताओं के बयान सामने आए। AAP के वरिष्ट नेता संजय सिंह इस मामले को लेकर भाजपा पर कटाक्ष करते नजर आए। उन्होंने कहा कि बीजेपी दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की छवि खराब करने के लिए ये सब कर रही है।
इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि अगर उन्हें तीन घंटों के लिए सीबीआई और ईडी दे दी जाए, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और गौतम अडानी की गिरफ्तारी हो जाएगी। संजय सिंह के इस बयान को इंडियन फिल्ममेकर अशोक पंडित ने मुंगेरी लाल के सपने बताया है।
संजय सिंह के बयान की खबर को ट्विटर पर शेयर करते हुए अशोक पंडित ने लिखा,”मुंगेरी लाल के हसीन सपने।” इस ट्वीट पर तमाम यूजर्स ने प्रतिक्रिया दी है। कुछ ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा, तो कुछ ने भाजपा पर कटाक्ष किया।
नीरज कुमार नाम के यूजर ने लिखा,”इनको जनता ने पंजाब में पुलिस दी थी, उसका हाल जनता देख ही रही है। जनता ने इनको जो देना था वो दे दिया,अब बारी सब कुछ वापस लेने की है।” अनाहट नाम के यूजर ने कहा,”अगर मुंगेरी लाल के सपने लग रहे हैं तो एक बार देकर देख लें,फिर तुम्हें भी पता चल जाएगा।” नागेंद्र महातो ने लिखा,”पंडित जी, समय एक जैसा नहीं होता है, आज नहीं तो कल कर्मा आएगा। याद रखना, सरकार कभी न कभी बदलेगी। तब किधर छुपोगे?”
आपको बता दें कि मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने सीबीआई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद संजय सिंह समेत आप के अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया था। जब संजय सिंह को इस मामले में रिहा कर दिया गया, तो उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए ये बयान दिया।
