कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल भगवान कृष्ण पर दिए अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने हाथ में कुरान शरीफ लेकर कहा कि बहुत सारे भगवान नहीं है, केवल एक ही है। इसके अलावा उन्होंने गीता के बारे में कहा कि इसमें भी लिखा है भगवान का कोई रूप नहीं है। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो अपनी बात ठीक से नहीं कह पा रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए फिल्ममेकर अशोक पंडित ने प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने ट्विटर पर वीडियो शेयर करते हुए शिवराज पाटिल को हताश आदमी बताया है। उन्होंने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें शिवराज के पीछे दीवार पर सत्य साईं की तस्वीर लगी है। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा,”फ्रस्ट्रेटेड और डेस्पेरेट आदमी। ये संत आदरणीय सत्य साईं बाबा का अपमान है जिनकी तस्वीर उनके पीछे है।”

इस ट्वीट पर तमाम लोगों ने कमेंट्स किए हैं। आकाश कपूर ने लिखा,”अशोक जी, ऐसे लोगों को बस मीडिया पर हाइलाइट चाहिए होती है और कुछ नहीं है! आपने अपने अकाउंट पर डाल दिया बस उनका काम हो गया। बाकी जनता क्या सोचती है सोचती रहे इन लोगों को कोई फर्क नहीं पड़ता!”

आपको बता दें कि हाल ही में पाटिल ने महाभारत में श्रीकृष्ण का जिक्र करते हुए कहा था कि वो अर्जुन को जिहाद सिखा रहे थे। इसपर अशोक पंडित बुरी तरह भड़क गए थे और उन्होंने ट्वीट के जरिए अपना गुस्सा जाहिर किया था। उन्होंने लिखा था,”गांधी परिवार से बदला ले रहे हैं। पूरी कोशिश में हैं कि गुजरात और हिमाचल में अगर थोड़ा बहुत बचा है वो भी सफाया हो जाए। सठिया गए हैं ये।” इसके अलावा पंडित ने अन्य ट्वीट में शिवराज पाटिल के वीडियो के साथ लिखा,”अरे! इतने दिनों के बाद मिस्टर अचकन दिखे।”

अशोक पंडित को हमेशा हिंदु भावनाओं को आहत करने वाले और हिंंदु विरोधी बयान देने वालों के खिलाफ मोर्चा खोलते देखा जाता है। इसके अलावा वो बीजेपी विरोधी पार्टियों पर भी तंज कसने का मौका नहीं छोड़ते। उन्हें अकसर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते देखा जाता है।