राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति बन गई हैं। द्रौपदी मुर्मू ने अपने प्रतिद्वंदी यशवंत सिन्हा को भारी वोटों से पछाड़ दिया है। हालांकि तीसरे चरण की गिनती जारी थी और यशवंत सिन्हा हार मान चुके थे। उन्होंने सबसे पहले मुर्मू को जीत की बधाई थी। अब उनकी हार पर तमाम लोगों ने उनकी चुटकी ली है।
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने ट्वीट करते हुए पूछा है कि यशवंत सिन्हा कैसा महसूस कर रहे हैं? दरअसल वोटिंग से एक दिन पहले यशवंत सिन्हा ने ट्वीट करते हुए जनता से अपील की थी कि अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनें और मुझे वोट दें।
अब अशोक पंडित ने उनके ट्वीट को शेयर करते हुए लिखा,”आज तो आप बहुत खुश होंगे यशवंत सिन्हा जी, क्योंकि लोगों ने अपनी अंतर आत्मा की आवाज सुन ही ली और आपको बाहर कर दिया।” इसके बाद एक और ट्वीट में अशोक पंडित ने लिखा,”कैसा महसूस हो रहा है यशवंत सिन्हा जी। क्या बोल रही है आपकी अंतर आत्मा?”
फिल्ममेकर के ट्वीट पर तमाम यूजर्स ने कमेंट्स किए हैं। भारत मरु ने लिखा,”क्यों ऐसा पूंछ रहे हो? बंदे को किसी भी हाल में चुनाव लड़ना था। जब बीजेपी में कोई जुगाड़ नहीं हुआ तो ममता के पास गए और फिर यहां दिल आजमाया। आखिर चुनावी जीव को कहीं न कहीं तो चुनाव लड़ना चाहिए न। चाहे हार ही क्यूं न जाए।” सुभाष नयन ने लिखा,”मुझे लगता है कि कुछ विपक्षी नेताओं ने भी अपने अंतर्मन की सुनी और एनडीए कैंडिडेट को वोट दिया।”
अनुज सक्सेना ने लिखा,”अच्छी खासी फजीहत करवा ली सिन्हा साहब ने अपनी। न घर के रहे न घाट के।” गौरव ने लिखा,”क्यों जख्मों पर चाट मसाला और लाल मिर्च छिड़क रहे हैं?” सियाराम ने लिखा,”शत प्रतिशत लोगों ने इनके अंतरात्मा की आवाज सुनी और मुर्मू जी को जीता दिया।”
इन यूजर्स के अलावा कई लोगों ने अशोक पंडित की भी खिंचाई की। अमित कुमार सिंह ने लिखा,”ये बोल रहे हैं कि यहां अंधभक्तों का राज है। जो आखिरी दम तक साथ देंगे और फिर वही अंधभक्त आपस में लड़ेंगे और फिर बाद में श्रीलंका की तरह नेताओं को बताएंगे।” शशिकांत द्विवेदी ने लिखा,”आजकल कश्मीरी पंडितों को भुला दिया है, ट्वीट मेकर जी?”