भाजपा नेता द्वारा पैगंबर मोहम्मद का अपमान करने के आरोप के बाद देश के कई राज्यों में हिंसा भड़की। पत्थरबाजी और आगजनी की घटनाएं हुईं। इसी बीच प्रयागराज में पत्थरबाजी के मुख्य आरोपी जावेद के घर बुलडोजर चल गया, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी ट्विटर पर एक के बाद एक ट्वीट करते हुए लिखा कि अपराधियों को सजा शरियत के हिसाब से मिलनी चाहिए।
अशोक पंडित ने ट्विटर पर लिखा, ‘देश में दंगों में शामिल अपराधियों को सज़ा शरिया के हिसाब से मिलनी चाहिए।’ एक अन्य ट्वीट में फिल्ममेकर लिखते हैं,’हर पत्थरबाज के घर बुलडोजर नहीं जा रहा सिर्फ वहां जा रहा है जो इनको इकट्ठा करने के लिए जिम्मेदार है और अनाधिकृत मकान बना कर रह रहे है। यूपी में जो हो रहा है, पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत हो रहा है। कार्यवाही के वक़्त किसी ने विरोध नहीं किया क्योंकि सब जानते हैं वो इलीगल है।’
अशोक पंडित ने एक और ट्वीट करते हुए लिखा,’सब टेररिस्टों के और उनके सपोर्टर के ताज उछाले जाएंगे, सब तख्त गिराए जाएंगे। हम देखेंगे।’
सोशल मीडिया पर लोग अशोक पंडित के ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अजय नाम के यूजर लिखते हैं, ‘आप भी कभी इस इंडस्ट्री से बाहर निकल कर इस पर गौर कीजिए। आपको भी तो फालतू की चीजों से फुर्सत नहीं हैं। बहुत नाजुक दौर चल रहा है, सबके सपोर्ट की जरूरत है।’ अरमान लिखते हैं, ‘सब याद रखा जाएगा।’
रुपेश लिखते हैं, ‘अगर मुसलमानों को उनके किए अपराध का दंड शरियत के अनुसार मिलने लगे तो उनका शरियत का भूत उतर जाएगा।’
योगी लिखते हैं, ‘शरियत रहने दो सर, दंड ही काफी है।’ आनंद लिखते हैं, ‘सरकार अपनी पूरी ताकत के साथ ही क्यों न उपद्रवियों पर कार्रवाई करे तब भी ज़्यादा से ज़्यादा 1% पत्थरबाजों को ही पकड़ पाएगी। बाकी 99% पत्थरबाज तो फिर भी बाहर ही रहेंगे, अगले दिन फिर पत्थरबाजी करेंगे। अदालतें उन 1% पत्थरबाजों को भी छोड़ देंगी।’
आपको बता दें नुपूर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद पर कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में प्रयागराज के करेली और अटाला क्षेत्र में जुमे की नमाज के बाद नमाजियों ने जमकर बवाल काटा था। दोनों ही इलाकों में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों ने न सिर्फ नारेबाजी की थी।
बल्कि पुलिस पर पथराव किया और पीएसी की गाड़ीियों में आग लगाने की भी कोशिश की थी। प्रयागराज में भड़की हिंसा के बाद योगी सरकार एक्शन में है। हिंसा के मास्टरमाइंड कहे जाने वाले जावेद पंप के घर बुलडोजर की कार्रवाई को विपक्षी पार्टियों ने गलत ठहराया है।