कर्नाटक से शुरू हुआ हिजाब विवाद लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मुद्दा इतना बड़ा हो गया कि हर न्यूज़ टेलीविजन पर प्राइम टाइम डिबेट शुरू हो गई है। ऐसे में लोग दो भागों में बंटे दिखाई दे रहे हैं। एक ग्रुप हिजाब का समर्थन कर रहा है तो दूसरा यूनिफॉर्म की दुहाई दे रहा है। इस बहस में अब तमाम बॉलीवुड सेलेब्स भी कूद पड़े हैं। टाइम्स नाउ पर डिबेट प्रोग्राम के दौरान फिल्म मेकर अशोक पंडित मे कुछ बॉलीवुड सेलेब्स का नाम लिया और निशाना साधा. इसके साथ ही उन्होंने इस मुद्दे को चुनावों से भी जोड़ दिया.
टाइम्स नाउ के डिबेट प्रोग्राम का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस क्लिप मे फिल्म मेकर अशोक पंडित हिजाब का समर्थन करने वाले लोगों को ‘हिजाब गैंग’ कहकर संबोधित करते दिखाई दे रहे हैं। इस मुद्दे को अशोक पंडित देश भर के पांच राज्यों में होने वाले चुनावों से जुड़ते दिखाई दे रहे हैं। वो कहते हैं कि जब भी देश में कहीं चुनाव होने वाले होते हैं तभी ये लोग एक्टिव हो जाते हैं।
अशोक पंडित ने गिनाए गैंग: अशोक पंडित कहते हैं, “जब भी देश में इलेक्शन होने वाला होता है तो इनका एक ड्रामा और खेल शुरू होता है। आप देश सकते हैं जेएनयू टुकड़-टुकड़े गैंग के बाद चुनाव थे। इसके बाद अवॉर्ड वापसी गैंग आया उस समय भी चुनाव थे। उनके बाद एक चुनाव के वक्त आया असहिष्णुता गैंग, खान मार्केट गैंग वो भी इलेक्शन के वक्त, शाहीन बाग गैंग इलेक्शन के वक्त पर, दिल्ली दंगे इलेक्शन के वक्त पर और अब यूपी और पंजाब समेत बाकि राज्यो में चुनाव हैं तो ये हिजाब गैंग का नाटक रचाया जा रहा है।”
सभी आरोपी एक हैं: अशोक पंडित इसके आगे कहते हैं, “मेरी बात को मान लीजिए जिस दिन भी इलेक्शन खत्म होंगे ये हिजाब की नौटंकी खत्म हो जाएगी। दूसरी गौर करने वाली बात ये हैं कि जो आरोपी हैं वो सारे के सारे प्रोटेस्ट में एक जैसे हैं। वो सभी एक ही चेहरे हैं जिसने अल्लाहो अकबर का नारा लगाया मुझे नारे से कोई दिक्कत नहीं है लेकिन वो वही महिला है जो टुकड़े-टुकड़े गैंग में शामिल थी। जैसे ही देश में कोई गलत माहौल बनाना होता है तो इस सारे एक्टर्स का इस्तेमाल किया जाता है।”
फिल्म इंडस्ट्री पर साधा निशाना: साथ ही अशोक पंडित ने बॉलीवुड सेलेब्स पर भी निशाना साधते हुए कहा, “हमारी फिल्म इंडस्ट्री में देख लीजिए, यहां भी वहीं चेहरे हैं, वो ही तीन सौ लोग हैं जो 2014 से पीछे पड़े हैं कि मोदी जी को वोट मत दीजिए, मोद जी प्राइम मिनिस्टर नहीं बनने चाहिए. वहीं चेहरे हैं शबाना जी आ गई, सोनम कपूर जी आ गई हैं, स्वरा भास्कर आ जाएंगी।”
प्रियंका गांधी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया: बता दें कि अशोक पंडित इस मामले में मुखरता के साथ अपना पक्ष रख रहे हैं। इससे पहले प्रियंका गांधी के बिकिनी या हिजाब वाले ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए फिल्ममेकर अशोक पंडित ने ट्वीट किया और लिखा, ‘मैडम, यूनीफॉर्म नाम की चीज के बारे में कुछ सुना है आपने? अगर स्कूल गए होते तो आपको पता होता कि स्कूल में सारे विद्यार्थियों को एक ड्रेस कोड का पालन करना पड़ता है!’
बता दें कि मामले की शुरुआत उडुपी के गवर्नमेंट गर्ल्स पीयू कॉलेज से शुरू हुई। यहां की 6 छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें हेडस्कार्फ़ पहनने की वजह से उन्हें क्लास में आने से रोक दिया गया था। धीरे-धीरे उडुपी के अलावा दूसरे कॉलेजों में भी इस मामले ने तूल पकड़ लिया। कई कॉलेजों में हिजाब पर प्रतिबंध लगा दिया गया। जिसके बाद इसका तीखा विरोध देखने को मिला।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो आग की फैल गया, जिसमें बुर्का पहने एक छात्रा कॉलेज में पहुंचती है। इसके बाद भगवा स्कार्फ पहने लड़कों का एक झुंड नारेबाजी करने लगता है और छात्रा का पीछा करना शुरू कर देता है। छात्रा भी अल्लाहू अकबर के नारे लगाती दिख रही है।
