भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे (Akanksha Dubey) ने इसी साल 4 महीने बनारस में 29 मार्च को एक होटल में सुसाइड कर लिया था। उनके परिवार वालों ने इसे सुसाइड नहीं बल्कि हत्या बताया था और इस मामले में उनके कथित बॉयफ्रेंड समर सिंह (Samar Singh) को आरोपी माना जा रहा है। उन्हें इन आरोपों के तहत पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया था। ऐसे में भोजपुरी एक्ट्रेस की मां हाल ही में लाइव आईं और उन्होंने बेटी को न्याय ना मिलने का ठिकरा भोजपुरी इंडस्ट्री पर फोड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इंडस्ट्री के लोग उन्हें सपोर्ट नहीं कर रहे हैं। वहीं, भोजपुरी स्टार अरविंद अकेला कल्लू (Arvind Akela Kallu) पर समर को सपोर्ट करने का आरोप लगाया है। अब इसी पर एक्टर ने भी अपनी सफाई दी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा बल्कि वो तो न्याय दिलाना चाहते हैं और इन सभी मामले को भी सुलझाना चाहते हैं।
दरअसल, भोजपुरी स्टार अरविंद अकेला कल्लू ने जनसत्ता.कॉम के साथ इस मामले को लेकर एक्सक्लूसिव बातचीत की। उन्होंने कहा, ‘मैं इस मामले को खींचना नहीं चाहता हूं। रही बात मेरे बयानों की तो मैंने आकांक्षा दुबे की मम्मी से कहा कि जो दोषी है उसे सजा मिले। इस बात को एक बार नहीं 100 बार बोल चुका हूं कि दोषी को सजा दी जानी चाहिए। मैंने ही नहीं रितेश पांडे ने भी यही बात कही है कि दोषी को सजा मिलनी चाहिए।’ इसके साथ ही आकांक्षा की मां के द्वारा लगाए आरोप ‘कल्लू मामले को रफा-दफा करने के लिए कह रहे हैं।’ पर कल्लू ने सफाई देते हुए कहा, ‘हमने ऐसा कुछ नहीं कहा है। हमने तो बल्कि ये कहा कि अभी तक उन पर आरोप साबित नहीं हुआ है। इसलिए किसी को आरोपी कैसे माना जा सकता है। हम तो आकांक्षा के परिवार को सपोर्ट किए हैं। हम दोषी का विरोध करते हैं और उन्हें जल्द से जल्द न्याय मिले ये कामना करते हैं। इससे ज्यादा नहीं कुछ कहेंगे।’
कल्लू को लेकर क्या बोलीं थीं आकांक्षा दुबे की मां?
आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने अपने लाइव वीडियो में कल्लू पर गुस्सा निकाला था और कहा था, ‘कल्लू मीडिया के सामने आया और बोला कि समर भइया ऐसे नहीं हैं। समर सिंह को कल्लू कितना जानता है? आकांक्षा दुबे के साथ समर सिंह क्या करता था? इसका मतलब है ये पता था कल्लू को। तभी तो वो समर को बहुत अच्छी तरह से जानता है। कल्लू जवाब दे ना मुझे कौन है अपराधी? कल्लू मुझे कहता है कि जो हो गया सो हो गया। बीच बचाव का इसका रास्ता निकाला जाए। क्या आकांक्षा दुबे मिट्टी की मूर्ति थीं? नहीं, वो भी एक इंसान थीं। उनका भी मां-बाप, भाई था। आकांक्षा के जैसा ना कोई भोजपुरी में था, ना है और ना ही आएगा।’
इंटरव्यू में क्या बोले थे कल्लू?
दरअसल, कल्लू ने हाल ही में धरम दुबे शो के यूट्यूबर से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने आकांक्षा दुबे और समर सिंह को लेकर बात की थी और कहा था कि ‘वो कई बार इस बात को कह चुके हैं कि अभी समर सिंह पर आरोप साबित नहीं हुआ है। ये कानून का काम है। इस पर फैसला करना। आकांक्षा दुबे के निधन से इंडस्ट्री को क्षति पहुंची है और इस मामले को लेकर सभी कंफ्यूज और हैरान हैं। वो चाहते हैं कि कोई निर्दोष इसमें ना फंसे। उन्होंने दोनों पक्षों का बात को सुना है। इसलिए वो इसे लेकर काफी कंफ्यूज हैं कि आखिर हुआ क्या है? वो चाहते हैं कि मामला जल्द से जल्द सुलझे और जो दोषी हो उसे सजा मिले। अगर समर सिंह इस मामले में निर्दोष हैं तो जल्द से जल्द इस पर फैसला हो। अगर कुछ गलत भी है तो इस पर जल्द से जल्द बीच-बचाव का रास्ता निकाला जाए, जो हो गया सो हो गया। इस पर जो फैसला आना है वो जल्द आए क्योंकि समय भी हो गया है और सभी कंफ्यूज हैं।’ इसी को लेकर अब आकांक्षा दुबे की मां ने गुस्सा निकाला है।