ओटीटी ने ना जाने कितने एक्टर्स की लाइफ को बदल दिया है। किसी का फ्लॉप करियर चमक उठा तो कोई शुरुआती दिनों से ही इससे छा गया। इसी में से एक एक्टर अरुणोदय सिंह हैं। वेब सीरीज के जरिए आज वो इंडस्ट्री में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके हैं। उन्हें ‘अपहरण’ जैसी वेब सीरीज के लिए जाना जाता है। अरुणोदय के बारे में ये सारी बातें उनके जन्मदिन के मौके पर बता रहे हैं। आज वो अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 17 फरवरी, 1983 को मध्य प्रदेश के सीधी में हुआ था। वो एमपी के पूर्व सीएम के पोते हैं।

जी हां, आपने बिल्कुल सही सुना। अरुणोदय सिंह मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के पोते हैं। अर्जुन सिंह राज्य के 3 बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इतना ही नहीं, वो 5 बार केंद्रीय मंत्री और 1 राज्य के राज्यपाल का पद भी संभाल चुके हैं। वहीं, अरुणोदय के पिता 5 बार विधायक रहे हैं। राजनीति और सियासत उनके खून में है। लेकिन, वो अपनी सियासी विरासत को छोड़कर एक्टिंग में नाम कमा रहे हैं। वो अपनी जिंदगी में कुछ अलग करना चाहते थे और पहचान बनाने में सफल भी रहे हैं।

अरुणोदय को अपनी दमदार बॉडी, 6 फीट 4 इंच हाइट और शानदार पर्सनालिटी के लिए जाने जाते हैं। वो स्क्रीन पर हर किरदार में फिट बैठते हैं फिर चाहे हीरो का रोल हो या फिर विलेन का। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2009 में ‘सिकंदर’ से की थी। इसके बाद एक्टर ने 2010 में ‘मिर्च’, ‘ये साली जिंदगी’ (2011) और ‘जिस्म 2’ (2012) में नजर आए। वो सनी लियोनी के साथ ‘जिस्म 2’ में इंटीमेट सीन करके लाइमलाइट में आए थे। इसमें उनके काम को खूब सराहा गया था। इसके बाद साल 2014 में उन्हें वरुण धवन की फिल्म ‘मैं तेरा हीरो’ में देखा गया था। इसमें वो विलेन की भूमिका में नजर आए थे। उन्होंने 2016 में ‘बुद्धा इन अ ट्रैफिक जाम’ और ‘मोहनजोदड़ो’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर एक्टिंग का लोहा मनवाया है।

अरुणोदय सिंह ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी अपनी एक्टिंग से फैंस के दिल में अलग जगह बनाई है। बड़े पर्दे से ज्यादा प्यार उन्हें ओटीटी पर मिला। ‘अपहरण’ में उनका एक-एक डायलॉग दर्शकों को पसंद आया। उनकी एक्टिंग ने सभी का दिल जीत लिया।

मार्लो ब्रांडो की फिल्म देख चढ़ा था एक्टिंग का खुमार

अरुणोदय ने कभी सोचा नहीं था कि वो एक्टर बनेंगे। उन्होंने तमिलनाडु के कोडाइकनाल से अपनी पढ़ाई पूरी की है। एक्टर ने अपनी ग्रैजुएशन की पढ़ाई ब्रान्डिस यूनिवर्सिटी से की है। वो शुरुआत में एक्टर नहीं बनना चाहते थे। उनके सिर पर एक्टिंग का खुमार तब चढ़ा जब उन्होंने मार्लो ब्रांडो की फिल्म ‘वटरफ्रंट’ देखी। यहां से अरुणोदय सिंह ने एक्टिंग में किस्मत आजमाने की ठानी। इसके बाद उन्होंने न्यूयॉर्क एक्टिंग स्टूडियो से एक्टिंग की पढ़ाई पूरी की।