टीवी के राम कहलाए जाने वाले अरुण गोविल लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है। गोविल मेरठ से चुनाव लड़ने वाले हैं और जोर-शोर से इसके प्रचार में लगे हैं। रैलियों में वह हाथ में भगवान राम की तस्वीर लिए नजर आए, जिसे लेकर कुछ लोग खासा नाराज हैं। ‘यूपी में का बा’ गाने वाली लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने इसकी निंदा की है।

उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर अरुण गोविल की तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह प्रचार के दौरान हाथ में भगवान राम की तस्वीर लिए खड़े नजर आ रहे हैं। नेहा ने इसके साथ लिखा है, “धर्म के नाम पर वोट मांगना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। मर्यादाओं को लांघकर मर्यादा पुरुषोत्तम के नाम पर वोट मांगा जा रहा है।” नेहा के इस ट्वीट पर हमेशा की तरह लोग ढेर सारे कमेंट्स कर रहे हैं और उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।

यूजर ने बताया ‘शूर्पणखा’

एक यूजर ने नेहा को जवाब देते हुए लिखा, “कलयुग के रावण का अंत करने के लिए राम को मर्यादा लांघकर जाना ही पड़ेगा।” अन्य यूजर ने लिखा, “ऐसी तस्वीरें लोग आके उनको गिफ्ट कर रहे हैं, मना कर दे क्या लेने से? उनकी गाड़ी पर परमानेंट नहीं लगी है। कुछ भी वायरल हो वो उठा ले कॉपी पेस्ट। टिकट के लिए कितनी मेहनत?” कलयुग भीष्म नाम के यूजर ने नेहा के ट्वीट पर उन्हें शूर्पणखा बताया है। कमेंट करते हुए इस यूजर ने लिखा है, “हे शूर्पणखा
कब तक राम से बैर रखोगी? भूल जाओ अब उस नाक वाली बात को।”

बता दें कि नेहा सिंह पिछले कई दिनों से लगातार भाजपा पर निशाना साधते हुए ट्वीट कर रही हैं। उन्हें भोजपुरी एक्टर्स का भाजपा प्रत्याशी होना कतई पसंद नहीं आ रहा है। वह पवन सिंह के डबल मीनिंग गानों के वीडियो शेयर कर तंज कस रही हैं। जिसके लिए कहा जा रहा है कि वह टिकट न मिलने पर बौखलाई हुई हैं और चाहती हैं कि कोई पार्टी उन्हें चुनाव लड़वाए।