स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ इस साल 2025 में काफी चर्चा में रहा। यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया के विवादित कमेंट के बाद ये विवाद फरवरी महीने में शुरू हुआ था, जिसके बाद रणवीर और शो के खिलाफ अलग-अलग जगहों पर शिकायतें दर्ज कराई गई थी। कोर्ट की ओर से भी उनके बयान की काफी आलोचना हुई थी। वहीं, सोशल मीडिया पर तो बवाल ही खड़ा हो गया था। इस विवाद की गाज रणवीर के साथ इस शो में मौजूद अपूर्वा मखीजा, आशीष चंचलानी और समय रैना पर भी गिरी थी। ऐसे में अब विवादों के बाद जहां रणवीर ने अपना कमबैक किया वहीं, अपूर्वा ने इंस्टाग्राम की सारी पोस्ट को डिलीट कर दिया था और सभी को अनफॉलो भी कर दिया था। इसके बाद अब उनकी सोशल मीडिया पर वापसी हुई तो नई पोस्ट और खुलासे के साथ। उन्होंने बताया कि विवाद के बाद उन्हें लोग कैसी-कैसी धमकियां देने लगे थे।
शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर शुरू हुए विवाद के करीब दो महीने बाद अपूर्वा मखीजा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की है। उन्होंने बीते दिन यानी कि 8 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर अपनी पहली पोस्ट शेयर की। पोस्ट में उन्हें धमकी देने वाले सैकड़ों कमेंट्स हैं, जिसके स्क्रीनशॉट को एक्ट्रेस ने शेयर किए हैं। अपूर्वा ने पहली पोस्ट को ट्रिगल वॉर्निंग का नाम दिया और लिखा कि एसिड अटैक से रेप और जान से मारने की धमकियां तक शामिल है। अपूर्वा ने लोगों के मैसेज और कमेंट्स के स्क्रीनशॉट्स शेयर किए हैं। इसमें देख सकते हैं कि अगली 19 स्लाइडों में नफरत, गाली-गलौच, रेप, जान से मारने की धमकियों के मैसेज हैं। यहां तक कि इसमें उनके संस्कारों और पेरेंट्स की परवरिश पर भी सवाल उठा दिया गया।
एक शख्स ने लिखा, ‘मां बाप ने कुछ सिखाया नहीं क्या?’, ‘घटिया लड़की’, ‘क्या तुम्हें शर्म नहीं आती?’ ऐसे कमेंट्स लिखे गए हैं। अपूर्वा ने ऐसी ही टिप्पणियों के सैकड़ों मैसेजेस को शेयर किया है। उन्होंने स्क्रीनशॉट्स को शेयर करने के साथ ही कैप्शन भी लिखा, ‘और ये एक प्रतिशत भी नहीं है।’ अपूर्वा ने पहली पोस्ट के कुछ देर बाद एक और पोस्ट साझा की, जिसमें लिखा कि कहानीकार को कहानी से दूर मत करो। इस पर लोगों के मिले जुले रिएक्शन देखने के लिए मिले।
विवादों के बाद डिलीट की पोस्ट, सभी को किया अनफॉलो
आपको बता दें कि अपूर्वा मखीजा एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। उन्हें ‘द रिबेल किड’ के नाम से भी जाना जाता है। उनके इंस्टाग्राम पर 3 मिलियन फॉलोअर्स हैं। अपूर्वा ने विवादों के बाद अपनी सारी पोस्ट्स को डिलीट कर दिया था साथ ही सभी को अनफॉलो भी कर दिया, जिसके बाद अब उन्होंने नई पोस्ट्स शेयर की है।
वहीं, अगर विवाद की बात की जाए तो रणवीर इलाहाबादिया ने समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में पेरेंट्स को लेकर विवादित कमेंट किया था, जिस पर काफी बवाल खड़ा हो गया था। इस विवाद ने बाद में राजनीतिक मोड़ ले लिया था और भारी बवा हो गया था। मामला कोर्ट तक पहुंच गया था, जिसमें रणवीर को फटकार भी लगाई गई थी। अपूर्वा इस शो को पैनलिस्ट में थीं और समय रैना इसे होस्ट कर रहे थे।