सोनम कपूर के फैन्स को आखिरकार जिस दिन का बेसब्री से इंतजार था, वह बीत चुका है। बॉलीवुड की इस साल की सबसे बड़ी शादी हो चुकी है। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड के साथ सात फेरे ले चुकी हैं। बीती रात मुंबई के फाइव स्टार होटल द लीला में ग्रैंड रिसेप्शन का आयोजन किया गया था। नए-नवेले जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए सलमान खान से लेकर शाहरुख खान समेत बॉलीवुड के कई दिग्गज स्टार्स पहुंचे। सोनम-आनंद की रिसेप्शन पार्टी में पिता अनिल कपूर ने डांस फ्लोर पर जमकर धमाल मचाया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अनिल कपूर के वीडियोज में उनका एक्साइटमेंट साफ देखा जा सकता है।

अनिल कपूर ने बॉलीवुड के कई गानों पर डांस परफॉर्मेंस दी, इसके अलावा उन्होंने अपनी फिल्म राम-लखन के गाने पर भी ठुमके लगाए। अपनी पहली बेटी की शादी होने पर इमोशनल होने की जगह अनिल कपूर ने अपनी जिंदा-दिली और डांस मूव्स से सभी का दिल जीत लिया। डैडी कूल यानी की अनिल कपूर ने सोलो परफॉर्मेंस भी दी, अनिल कपूर का साथ देने के लिए स्टेज पर शाहरुख खान, सलमान खान और अर्जुन कपूर भी पहुंचे। सलमान खान ने सिंगर मीका के साथ सुर से सुर मिलाए तो वहीं तीनों ही स्टार्स ने साथ डांस भी किया।

डांस फ्लोर पर धमाल मचा देने वाले अनिल कपूर के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। 61 साल की उम्र में अनिल कपूर अपनी बेटी के वेडिंग रिसेप्शन में किसी 25 साल के लड़के की तरह अपनी बॉडी को मूव करते दिखाई दिए। सोनम-आनंद की पार्टी में अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, शाहरुख खान, गौरी खान, आयुष्मान खुराना,कैटरीना कैफ, वरुण धवन, आलिया भट्ट, रणबीर कपूर, रणवीर सिंह, शत्रुघ्न सिंहा समेत अन्य कई सितारे नजर आए। वहीं दीपिका पादुकोण, सोनाक्षी सिन्हा, प्रियंका चोपड़ा, परिणीति चोपड़ा और अनुष्का शर्मा अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स के कारण सोनम की शादी का हिस्सा नहीं बन सकीं।