मुंबई में हाल ही में आनंद आहूजा के साथ शादी रचाने वाली सोनम कपूर की व्यस्तता खत्म नहीं हुई है। वो शादी के कुछ ही दिनों बाद कान्स फ़ेस्टिवल में शिरकत करने के लिए फ्रांस के लिए रवाना हो गई थीं। हालांकि व्यस्तता के साथ ही साथ विवाद भी उनका पीछा नहीं छोड़ रहे है। दरअसल आनंद आहूजा से शादी करने के चंद मिनटों बाद ही सोनम कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अपने नए नाम को अपडेट किया था। सोनम ने अपने इंस्टाग्राम और ट्वीटर अकाउंट्स पर सोनम कपूर आहूजा नाम अपडेट कर लिया है। सोनम इन्हीं दोनों सोशल साइट्स का ज़्यादा इस्तेमाल करती हैं। सोनम को अपने फ़ेमिनिस्ट विचारों के लिए भी जाना जाता है, ऐसे में शादी के तुरंत बाद नाम बदलने की इस जल्दी को देखकर, कई फ़ैंस को थोड़ा अजीब लगा। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर उनके इस फ़ैसले का विरोध भी किया। हालांकि ज़्यादातर लोगों ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि सोनम के साथ ही आनंद आहूजा ने भी सोशल मीडिया पर अपना नाम बदल लिया था। इंस्टाग्राम पर अब आनंद का नाम आनंद एस आहूजा है।
कान्स फ़िल्म फ़ेस्टिवल में इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में सोनम ने कहा था – ‘नाम बदलने का फ़ैसला मेरी पसंद पर निर्भर करता है। मैंने इस पर काफी सोच-विचार किया था और इस फ़ैसले को लेने के लिए मुझे काफी समय लगा था। उन्होंने कहा – अगर लोगों को फ़ेमेनिज़्म का मतलब नहीं पता है तो वे ऑनलाइन जाकर सर्च कर सकते हैं और इस शब्द का सही मतलब खोज सकते हैं और आपको कैसे पता आनंद ने अपना नाम नहीं बदला है?’
सोनम कपूर ने इस इंटरव्यू के दौरान 2019 के आम चुनावों को लेकर भी अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था कि भारत के सेक्युलर फ्रैबिक को नुकसान पहुंचाने वाली पार्टियों को समझना चाहिए कि विविधिता से भरे इस देश में नफ़रत नहीं बल्कि प्यार से ही मसलों का हल निकल सकता है। गौरतलब है कि आनंद को कई साल डेट करने के बाद सोनम कपूर ने 8 मई को मुंबई में शादी रचा ली थी। इस शादी में कई बॉलीवुड सितारों ने शिरकत की थी। सलमान खान, रणवीर सिंह, शाहरूख खान, वरूण धवन जैसे कई सितारों ने इस शादी में अपने मज़ेदार डांस से समां बांध दिया था।