सदी के महानायक अमिताभ बच्चन आम जनता के बीच बहुत मशहूर हैं। उनका स्वभाव एक साधारण व्यक्ति की तरह है और वह लोगों से भी बहुत प्यार से मिलते हैं। करोड़ों के मालिक अमिताभ बच्चन के बारे में कोई नहीं सोच सकता कि वह अपने घर में बर्तन धो सकते हैं या बाथरूम साफ कर सकते हैं। लेकिन उन्होंने ऐसा किया है। बिग बी ने बताया कि उन्होंने घर के सारे काम किए हैं।

इस वक्त अमिताभ बच्चन टीवी का सबसे बड़ा क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 15’ होस्ट कर रहे हैं। इस शो में वह कंटेस्टेंट्स के साथ पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर काफी कुछ शेयर करते रहते हैं।

KBC 15 में आए प्रतियोगी ने बताया कि वह अपने पिता के बिजनेस को कैसे संभालते हैं। उनका बिजनेस ऐसे धागों को बनाने का है, जिसका उपयोग सफाई स्क्रब बनाने में किया जाता है। इसके बाद प्रतियोगी ने बच्चन से पूछा कि क्या उन्होंने कभी बर्तन साफ ​​किए हैं? इसपर अमिताभ बच्चन ने जो जवाब दिया उसे सुनकर किसी को यकीन नहीं होगा।

अमिताभ बच्चन ने कहा, “हां सर, कई बार बर्तन साफ किया है, किचन का चिलमची साफ किया है, बाथरूम में जो बेसिन होता है, उसे साफ किया है। ऐसा क्यो लगता है कि हमने ना किया होगा?” बच्चन को केबीसी में प्रतियोगियों के साथ मजेदार बातचीत करने के लिए जाना जाता है, क्योंकि वे अपने जीवन के बारे में खुलकर बात करते हैं और अभिनेता अपने किस्से साझा करते हैं।

इससे पहले उन्होंने कंटेस्टेंट को बताया था कि बीएससी में एडमिशन लेने के लिए वह दिल्ली से साइकिल चलाकर चंडीगढ़ गए थे। वहां भटकने के बाद भी उन्हें जब एडमिशन नहीं मिला तो वह दिल्ली वापस आ गए। आखिरकार दिल्ली के कॉलेज में उन्हें दाखिला मिला। इसके साथ ही उन्होंने बताया था कि एक क्लास अटेंड करने के बाद ही उन्हें समझ आ गया था कि साइंस पढ़ना उनके बस की बात नहीं है।

‘कौन बनेगा करोड़पति’ साल 2000 में शुरू हुआ है। तब से लेकर अब तक दर्शक इसे पसंद करते आए हैं। पहले सीजन से अमिताभ बच्चन इस शो को होस्ट करते आ रहे हैं। केवल तीसरे सीजन को छोड़कर इस शो को बिग बी ने ही होस्ट किया है। तीसरा सीजन शाहरुख खान ने होस्ट किया था। इस शो के लिए अमिताभ बच्चन को बेस्ट होस्ट माना जाता है।

अमिताभ बच्चन के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्हें आखिरी बार फिल्म ‘गणपत’ में देखा गया था। उस फिल्म में कृति सेनन और टाइगर श्रॉफ अहम भूमिका में थे। इसके बाद वह आने वाली फिल्म ‘घूमर’ में नजर आने वाले हैं।