अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर के निधन की जानकारी ट्विटर पर दी। बिग ने ट्वीट में लिखा, ‘ वो चले गए.. ऋषि कपूर… वो चले गए.. उनका निधन हो गया। मैं टूट गया हूं।’ ऋषि कपूर कैंसर से पीड़ित हैं और उन्हें बधुवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पहले इरफान खान और अब ऋषि कपूर। इस खबर से बॉलीवुड शोक में है। अमिताभ बच्चन भी इस खबर से टूट चुके हैं। उनके लिए यह समझना मुश्किल हो रहा है कि जिसके साथ उन्होंने कई फिल्में की वह चॉकलेटी हीरो अब नहीं रहा।

अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर के साथ कई यादगार फिल्मों में काम किया है। अमिताभ बच्चन जहां यंग्री यंग मैन की भूमिका में थे तो वहीं ऋषि कपूर की छवि एक रोमांटिक हीरो की थी। अलग-अलग स्टाइल होते हुए भी दोनों ने साथ में कई फिल्में कीं जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। ‘अजूबा’, ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘कभी-कभी’, ‘कुली’ और ‘नसीब’ जैसी फिल्मों में यह जोड़ी नजर आई है। 2018 में यह जोड़ी बड़े पर्दे पर अंतिम बार नजर आई थी। निर्देशक उमेश शुक्ला की फिल्म 102 नॉट आउट (2018) में अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर साथ दिखे थे।

पिता की बीमारी से टूट गए थे रणबीर

ऋषि कपूर मे इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। वह पिछले दो साल से कैंसर से पीड़ित थे। इस खबर से पूरा कपूर खानदान शोक में है। ऋषि कपूर के बेटे रणबीर कपूर भी इस खबर से सदमे में हैं। रणबीर अपने पिता के काफी करीब थे। जब उन्हें पहली बार अपने पिता को कैंसर होने की बात पता चला था तब वह टूट गए थे। इस बारे में रणबीर की मां नीतू कपूर ने एक साक्षात्कार में बताया था। नीतू ने बताया था कि जब रणबीर को इस बारे में पता चला था तो उनकी आंखों से आंसू टपकने लगे थे। नीतू ने कहा था, ‘रणबीर जब आए तो मैंने उनसे कहा कि मैं तुम्हें कुछ बताना चाहती हूं। इसके बाद मैंने रणबीर को सबकुछ बता दिया। ये सुनने के बाद रणबीर की आंखें आंसुओं से भर गई थीं। कुछ घंटों तक रणबीर ये बात मानने को तैयार ही नहीं थे, लेकिन फिर कुछ समय के बाद उन्होंने खुद को शांत किया और कहा, चलिए इसका सामना करते हैं।’रणबीर फिर ऋषि को लेकर दिल्ली गए और वहां से न्यूयॉर्क गए। न्यूयॉर्क में ऋषि कपूर का इलाज चल रहा था।