बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार कहे जाने वाले एक्टर अक्षय कुमार (Akshay Kumar) इन दिनों फिल्म ‘सरफिरा’ को लेकर चर्चा में हैं। इसे सिनेमाघरों में रिलीज कर दिया गया है। इसे दर्शकों से मिला-जुला रिएक्शन मिल रहा है। इसी बीच अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। इसमें बॉलीवुड के तमाम सेलेब्स और देश-विदेश से बिजनेस वर्ल्ड के बड़े टायकून भी शामिल होने वाले हैं। इन सबके बीच खबर सामने आ रही है कि अक्षय इस वेडिंग फंक्शन को अटेंड नहीं कर पाएंगे। इसकी वजह उनकी हेल्थ है। खबर है कि एक्टर कोविड पॉजिटिव हो गए हैं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट की मानें तो अक्षय कुमार की हेल्थ पिछले दो दिनों से ठीक नहीं है। पिछले दिनों वो लगातार ‘सरफिरा’ के प्रमोशन में बिजी चल रहे थे। लगातार तबीयत ठीक ना होने की वजह से एक्टर ने टेस्ट करवाया था। इस रिपोर्ट में पता चला कि वो कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। कोविड पॉजिटिव होने के बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। वो डॉक्टर्स की सलाह पर खुद का काफी ध्यान दे रहे हैं और सावधानियां बरत रहे हैं।
अब ऐसे में अक्षय कुमार की हेल्थ की खबर ने फैंस को हैरान कर दिया है। वो अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी के जश्न में शामिल होने वाले थे। ऐसे में अब कोविड पॉजिटिव होने के बाद एक्टर इस फंक्शन का हिस्सा नहीं हो पाएंगे। अक्षय कुमार प्री-वेडिंग में शामिल होने के लिए पहले जामनगर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पार्टी में डांस भी किया था। लेकिन अब राधिका और अनंत उन्हें अपनी शादी में मिस करने वाले हैं।
बायोपिक है ‘सरफिरा’
बहरहाल, अगर अक्षय कुमार की फिल्म ‘सरफिरा’ की बात की जाए तो ये एक बायोपिक फिल्म है। इसकी कहानी जीआर गोपीनाथ के जीवन की घटनाओं पर आधारित है। रिलीज के बाद फिल्म को मिला-जुला रिएक्शन मिला है। इसका निर्देशन सुधा कोंगरा ने किया है। इसमें अक्षय के अलावा राधिका मदान भी अहम रोल में हैं। इसमें सीमा बिस्वास, परेश रावल और जय उपाध्याय ने भी अहम रोल प्ले किया है। आपको बता दें कि ये फिल्म पहले साउथ में भी बन चुकी है और ये हिंदी में उसी का रीमेक है।
