CineGram: बॉलीवुड में अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा की जोड़ी बहुत पसंद की जाती थी, लेकिन एक समय आया जब दोनों ने एक-दूसरे के साथ काम न करने का फैसला किया। इसके पीछे का कारण क्या था? प्रियंका चोपड़ा ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने अक्षय कुमार के साथ काम करना क्यों बंद कर दिया। प्रियंका ने कहा था कि इससे उनकी जिंदगी आसान हुई और वे किसी की खुशी में दरार नहीं बनना चाहती थीं।
साल 2005 में रिलीज़ हुई फिल्म बरसात में बॉबी देओल ने मुख्य भूमिका निभाई थी, लेकिन यह फिल्म पहले अक्षय कुमार को ऑफर हुई थी। अक्षय ने इस फिल्म के लिए एक गाना भी शूट किया था, जिसमें प्रियंका चोपड़ा उनकी को-स्टार थीं। हालांकि, डायरेक्टर सुनील दर्शन ने खुलासा किया कि अक्षय ने प्रियंका के साथ अपने अफेयर की खबरों के कारण अपनी शादी बचाने के लिए इस प्रोजेक्ट को छोड़ दिया था।
सुनील दर्शन ने कहा, ”अक्षय कुमार ही हीरो था बरसात में, फिल्म शुरू हो रही थी और अजीब सी प्रॉबल्म आ गई बीच में उनकी वाइफ को लेकर। बरसात अक्षय की शूट की हुई फिल्म थी। प्रियंका चोपड़ा और अक्षय कुमार के कुछ रूमर्स आ गए थे, उनकी वाइफ घर छोड़कर चली गई थीं। एक एक्टर के तौर पर आपको जिम्मेदार होना चाहिए। आपकी वाइफ अगर खुद एक्ट्रेस रह चुकी हैं तो वो इस बिजनेस के पैरलल जानती हैं। उन्होंने भी सब हीरो के साथ काम किया है। आमिर खान के साथ, अक्षय कुमार, अजय देवगन के साथ। थोड़ा सा वो ज्यादा हो गया। उनकी वाइफ घर छोड़कर चली गई थीं।”
सुनील दर्शन ने आगे कहा, ”मैंने रियलाइज किया कि मेरी डेट्स हिलेंगी। इसके लिए मैं प्रियंका चोपड़ा को जिम्मेदार नहीं मानता। प्रियंका चोपड़ा तो वो कर रही थी जो उसके इंटरेस्ट में था। मैं समझता हूं आदमी को ज्यादा जिम्मेदार होना चाहिए।”
वहां प्रियंका चोपड़ा से जब पूछा गया कि अगर अक्षय कुमार के साथ उनके अफेयर की खबरें सच नहीं है तो उन्होंने उनके साथ काम करना क्यों बंद कर दिया? जवाब में प्रियंका ने कहा, “शायद इससे जिंदगी आसान हो जाती है। मैं हमेशा यही रास्ता चुनती हूं। मैं किसी की हैप्पी लाइफ में बीच में नहीं आना चाहती। ये सब मीडिया के झूठ हैं।”