Akshay Kumar: पूरा विश्व कोरोना वायरस से लड़ रहा है। देश भर में भी कोरोना को हराने के लिए लॉकडाउन का पालन किया जा रहा है। ऐसे में अक्षय कुमार ने अपने फैंस और देश के नागरिकों के उत्साह को और बढ़ाने के लिए एक बहुत ही कमाल की बात कही। अक्षय कुमार का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में अक्षय बताते हैं कि वह एक कविता पढ़ने जा रहे हैं जो मनोज मुंतशिर ने लिखी है। मनोज अक्षय कुमार के बहुत अच्छे मित्र हैं। मनोज ने अक्षय कुमार की फिल्म Kesari की फिल्म का गाना तेरी मिट्टी (Teri Mitti) भी लिखा था। ये गाना दर्शकों को बहुत पसंद आया था। अब अक्षय ने मनोज की इस कवीता को भी पढ़ा, जिसमें कोविड-19 से जारी जंग को लेकर बहुत सारी बातें कहीं गई हैं..
अक्षय कुमार वीडियो में कहते हैं- ‘मेरे मित्र मनोज मुंतशिर ने ये कविता लिखी है। ध्यान से सुनिएगा। दुनिया में कई तरह के झूठ है, लेकिन सबसे बड़ा झूठ क्या है ? मैं बताता हूं। तुमसे हो नहीं पाएगा, तुमसे हो नहीं पाएगा। अगर ये चार लफ्ज झूठ हैं तो क्या इंसान का चांद पर जाना और वहां से मिट्टी लाना झूठ है? क्या एक लंगोटी पहने वकील का ब्रिटिश हुकूमत से टकराना औऱ जीत के आना झूठ है?’
अक्षय आगे कहते हैं- ‘क्या 9 मजहबों और 3000 जातियों वाले देश का एक तिरंगे तले आके जण-गण-मन गाना झूठ है? कहदो उनसे जो हमें नामुमकिन का सबक सिखाते हैं-70 साल पहले हम सिर्फ रुंई बनाते थे, आज रॉकेट्स बनाते हैं। कभी सपेरे कहलाते थे, आज एशिया की शान कहलाते हैं। चलो मान लिया आज COVID ने सूरज को धुंधला कर दिया है। चांद को फीका कर दिया है। आज उतरा हुआ है चेहरा जिंदगी का मान लिया कि आज कश्तियां डगमगा रही हैं, हिम्मतें लड़खड़ा रही हैं। पर इसका मतलब ये नहीं कि हम संभलना भूल जाएंगे। मौसम बदलना भूल जाएंगे। चिराग जलना भूल जाएंगे।’
अक्षय ने आगे कहा- ‘ अरे पैरों में कांटा चुभ गया तो क्या हम चलना भूल जाएंगे? मुश्किलें कब तक सिर उठाएंगी?एक दिन हम तुम्हें झुकना सिखा देंगे, बेटे आज तुम्हारा दिन है हवा में उड़ लो, कल हमारा दिन आएगा। तुम्हें ठोकरों से उड़ा देंगे। आज कैलेंडर पर तारीखें ठहर गई तो क्या वो दिन भी बीते हैं ये दिन भी बीतेंगे। हम पहले भी लड़के जीते हैं, इस बार भी लड़के जीतेंगे। ये दिल परिंदा है फिर से फड़फड़ाएगा। पंख फैलाएंगे औऱ अब की ऐसी उड़ान भरेंगे कि सितारे चूम के आएंगे। हमसे दोबारा मत कहना कि भाई तुमसे हो नहीं पाएगा।’