यूपी विधानसभा चुनाव के जरिए सत्ता में वापस आने के लिए समाजवादी पार्टी एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। सत्ताधारी दल यानी भाजपा पर निशाना साधने के साथ-साथ सपा जनता को भी खुश करने की पूरी-पूरी कोशिश कर रही है। लेकिन हाल ही में अखिलेश यादव की पार्टी अपने अटपटे चुनावी वादे के कारण लोगों के निशाने पर आ गई है। दरअसल, पार्टी की ओर से वादा किया गया कि सांड से लड़कर दुर्घटना में मौत होने पर सपा सरकार पांच लाख का मुआवजा देगी। सपा के इस वादे पर अब पत्रकार से लेकर भाजपा नेता और बाकी सोशल मीडिया यूजर खूब चुटकी ले रहे हैं।

समाजवादी पार्टी की ओर से जनता से वादा किया गया था, “योगी जी के राज में न गौवंश सुरक्षित है न इंसान। न फसलें सुरक्षित हैं न किसी की जान। किसी दुर्घटना में साइकिल सवार की मृत्यु और सांड के हमले से हुई मौत पर सपा सरकार पांच लाख रुपये का मुआवजा देगी। गरीब और कमजोर के हक में ये एक सराहनीय निर्णय है।”

पत्रकार नवनीत मिश्रा ने समाजवादी पार्टी के इस वादे पर चिंता जाहिर करते हुए लिखा, “मुआवजा बांटने के लिए किसी की मौत का इंतजार। लोग शुभ-शुभ बातें करते हैं। यहां सरकार बनने से पहले ही अशुभ बातें। सोशल मीडिया टीम की इस निगेटीव कैंपेनिंग से अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के लिए कोई अच्छा संदेश नहीं जाता है।”

भाजपा प्रवक्ता प्रशांत उमराव ने भी सपा के वादे को लेकर पार्टी को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ा। उन्होंने लिखा, “सपा और आम आदमी पार्टी के संजय सिंह की लड़ाई दिलचस्प है।” यशवंत देशमुख ने पार्टी पर तंज कसते हुए लिखा, “बैद जी कह रहे हैं कि ऐसा हुआ तो शिवपाल गंज के थाने में कागजों पर इंसान कम और कातिल सांड ज्यादा दर्ज हो जाएंगे एक हफ्ते के अंदर।”

भाजपा नेता नीलकांत बख्शी ने समाजवादी पार्टी के वादे पर चुटकी लेते हुए लिखा, “नहीं खाएंगे प्यार में धोखा, अगर खाएंगे लिट्टी चोखा।” एक यूजर ने वादे को लेकर सपा पर तंज कसते हुए लिखा, “अगर सपा सरकार आई तो सांड ही नहीं बचेंगे, फिर मुआवजा किसे देगी सपा सरकार।” एक यूजर ने अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए लिखा, “एक मुआवजा और निकाल दीजिए कि अगर सपा के गुंडों से मृत्यु होगी तो कितना लाख मिलेगा।”