बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन ने एक ट्वीट कर खुलासा किया है कि, उनकी पत्नी काजोल (Kajol)और बेटी न्यासा (Nysa Devgn) का स्वास्थ्य एक दम सही है। दरअसल कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया था कि अजय देवगन की पत्नी और फिल्म एक्ट्रेस काजोल और उनकी बेटी न्यासा का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। इतना ही नहीं खबरों के मुताबिक अजय और काजोल की बेटी न्यासा में कोरोना के कुछ लक्षण भी देखे गए थे। अब इस बात पर सफाई देते हुए अजय देवगन ने एक ट्वीट किया है।

अजय देवगन (Ajay Devgn) ने अपने ट्वीट में काजोल (Kajol) और बेटी न्यासा (Nysa Devgn) के बारे में बात करते हुए कहा, “आप सभी पूछने के लिए धन्यवाद, काजोल और न्यासा बिल्कुल ठीक हैं। उनके स्वास्थ्य के बारे में फैलाई गई अफवाह बिल्कुल झूठी और आधारहीन हैं।” अजय देवगन का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है, साथ ही लोग इस पर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। बता दें कि कुछ ही दिनों पहले काजोल और उनकी बेटी मुंबई एयरपोर्ट पर दिखाई दिए थे। दरअसल, उनकी बेटी सिंगापुर में अपनी पढ़ाई पूरी कर रही हैं, लेकिन कोरोना वायरस के कारण उनका स्कूल बंद कर दिया गया है, जिससे वह मुंबई लौट आईं हैं।

बता दें बॉलीवुड के सिंघम अजय देवगन दुनियाभर में फैली महामारी कोरोनावायरस को लेकर काफी सजग हैं और इसके बारे में लगातार जानकारी साझा कर रहे हैं। वहीं इस मामले में उनकी पत्नी काजोल भी पीछे नहीं हैं वो भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को कोरोना से बचने की सलाह देती दिख रहीं हैं और लोगों को जागरुक बना रही हैं।

वहीं, कोरोना वायरस की बात करें तो खबर लिखे जाने तक भारत में अब तक इससे संक्रमित लोगों की संख्या 1200 से ज्यादा हो चुकी है, इसके साथ ही कोरोनावायरस से अब तक करीब 32 लोगों की मौत भी हो चुकी है। हालांकि, राहत की बात तो यह है कि अब तक कोरोनावायरस से संक्रमित 102 लोग ठीक भी हो चुके हैं। लेकिन फिर भी देश के प्रधानमंत्री ने इसे जरा भी हल्के में ना लेने की चेतावनी दी है।