ग्लोबल स्टार बन चुकीं प्रियंका चोपड़ा इन दिनों इंडिया में हैं। कुछ दिन पहले ही एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि उन्हें बॉलीवुड में कॉर्नर किया गया था, कोई उनके साथ फिल्म नहीं करना चाहता था। एक्ट्रेस ने बताया था कि इंडस्ट्री में चल रही राजनीति उनसे बर्दाश्त नहीं हुई और उन्होंने अमेरिका जाने का फैसला कर लिया। प्रियंका के इस बयान के बाद कंगना रनौत, शेखर सुमन, फिल्ममेकर अपूर्व असरानी ने भी बॉलीवुड को लेकर कई दावे किए। अब बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय ने इंडस्ट्री को लेकर कई खुलासे किए हैं।
विवेक ने प्रियंका चोपड़ा और सुशांत सिंह राजपूत के बारे में भी बात की। बता दें कि साल 2003 में विवेक औबेरॉय और सलमान खान के बीच ऐश्वर्या राय को लेकर विवाद हो गया था। विवेक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान खान को लेकर बताया था कि सलमान ने उन्हें धमकी दी।
अब अपने पुराने वक्त को याद करते हुए विवेक ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वह इससे बाहर आ चुके हैं। उनका कहना है कि उस वक्त बॉलीवुड में रहना उनके लिए किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं था। एक्टर ने कहा,”मुझे खुशी है कि मैं इससे बाहर आया। मैं एक तरह से अग्नि परीक्षा के माध्यम से इन सब चीजों से ऊपर आया और बच गया, लेकिन हर कोई इतना भाग्यशाली नहीं होता है।”
प्रियंका चोपड़ा का समर्थन करते हुए कहा कि वह कई ऐसी चीजों से गुजरे हैं, जिनकी जरूरत नहीं थी। इंडस्ट्री में बहुत सारी लॉबी और दमदार कहानियां हैं। प्रियंका भी यही कहना चाह रही हैं। बहुत दुर्भाग्य की बात है कि ये ही इंडस्ट्री की पहचान रहा है। उन्होंने इसे इंडस्ट्री की डार्क साइड बताया और कहा कि वह भी इससे गुजरे हैं। ये काफी निराश करने वाला है।
इस फिल्म के बाद नहीं मिला था काम
विवेक ओबेरॉय ने खुलासा किया कि उन्हें साल 2007 में आई फिल्म ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ के बाद लंबे समय तक काम नहीं मिला था। वह 14 महीने तक घर पर बैठे थे। किसी ने उन्हें काम नहीं दिया था। उन्होंने बॉलीवुड को असुरक्षित जगह बताया है। उन्होंने कहा,”मैंने खुद को संभाला और इन चीजों से निकलने की सोची और सफलता पाई। मैंने इसके खिलाफ आवाज उठाई।”
प्रियंका के लिए खुश हैं विवेक
विवेक ने कहा कि प्रियंका चोपड़ा ने खुद के लिए नई जगह ढूंढ ली है, जो बहुत इंस्पाइरिंग है। वह इससे बाहर निकलीं और उन्होंने कुछ अलग किया है। वह एक्टर ने कहा कि प्रियंका इंडस्ट्री की गंदी राजनीति से बाहर निकल गईं, ये उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के लिए बहुत अच्छा है।
सुशांत सिंह राजपूत को बताया टैलेंटेड
विवेक ने दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत को याद करते हुए कहा कि वह टैलेंटेड एक्टर थे, उन्हें खुद की जान नहीं गवानी चाहिए थी। उनके पास अच्छे दोस्त होने चाहिए थे। इंडस्ट्री को परिवार कहते हैं, परिवार को एक दूसरे से साथ होना चाहिए।