दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में भारतीय मुद्रा पर लक्ष्मी और गणेश की तस्वीर लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर ऐसा किया जाए तो भारत की अर्थव्यवस्था में सुधार आ जाएगा। केजरीवाल के बाद अब एक्टर गजेंद्र चौहान ने भी ऐसी ही एक मांग की है। जिसपर लोग उनकी जमकर खिंचाई कर रहे हैं।

गजेंद्र चौहान ने ट्विटर पर लिखा,”अगर नोट पर तस्वीर बदलनी ही है तो एक तरफ तिरंगा और दूसरी तरफ प्रभु श्री राम की तस्वीर होनी चाहिए,जो हम सब के आदर्श है।जय श्री राम,जय श्री राम!” इसपर तमाम यूजर्स प्रतिक्रिया दे रहे हैं। नो नेम नाम के हैंडल से जवाब आया,”कोई एक बात बताएगा कि हिंदू धर्म में हम हर बार प्रभु राम का नाम लेकर क्यों लड़ते हैं। कृष्ण भगवान, विष्णु, ब्रह्मा, इंद्र देव कितने सारे हैं। वो सब भी हमारे रक्षक हैं।”

घनश्याम शुक्ला ने लिखा,”बड़े भाई क्यों दोनों को बदनाम कर रहे हैं। एक मान है तो दूसरा जान है। नोट का डिजाइन करने वाले आपको मूर्ख समझ में आते हैं क्या? वह बहुत बड़े दूरदर्शी थे। उन्हें पता था ये कल नाचने वालों के सामने उड़ाए जाएंगे। आप चाहते हैं कि आपकी निष्ठा किसी के पैरों से रौंदी जाए तो ये आपको मुबारक।”

बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने नोट पर भगवान की तस्वीर की मांग की, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। संगीतकार विशाल ददलानी ने भी केजरीवाल की इस मांग पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा,”भारत का संविधान कहता है कि हम एक धर्मनिरपेक्ष समाजवादी गणराज्य हैं। इसलिए, शासन में धर्म का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। स्पष्ट कर देना चाहती हूं कि मेरा ऐसे किसी व्यक्ति से कोई लेना-देना नहीं है, जो धर्म के किसी भी हिस्से को सरकार के किसी भी पहलू में लाता है। जय हिंद।”

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर ये मांग भाजपा द्वारा की जाती तो सब लोग पीछे पड़ जाते कि ये लोग हिंदू राज बनाने के चक्कर में हैं। सारी पॉलिटिकल पार्टी हाथ धोकर पीछे पड़ जाती। लेकिन अरविंद केजरीवाल के इस बयान का कोई खंडन नहीं कर रहा है। उनका कहना है कि करेंसी को किसी धर्म से नहीं जोड़ना चाहिए। ये करेंसी देश की है।