पूर्व पाकिस्तानी सिंगर अदनान सामी अक्सर अपने बयानों और पोस्ट को लेकर चर्चा में रहते हैं। साल 2016 में उन्होंने भारतीय नागरिकता ली और हमेशा के लिए इंडिया में शिफ्ट हो गए। अब वो लगातार अपने बयानों और पोस्ट के जरिए पाक पर निशाना साधने का एक भी मौका नहीं छोड़ते हैं। ऐसे में पाकिस्तानी आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर पर वीडियो शेयर कर तंज कसा है और इस वीडियो के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से गधों का सरताज बोला है। चलिए बताते हैं मामला क्या है।

दरअसल, मंगलवार को पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर का प्रमोशन किया गया है। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बाद अब वो फील्ड मार्शल की रैंक पर आ गए हैं। ये फैसला पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने लिया है, जिसके बाद अब अदनान सामी ने एक वीडियो शेयर कर उनका मजाक उड़ाया और इनडायरेक्टली गधों का सरदार बता दिया।

वीडियो में क्या बोल रहा शख्स?

पाकिस्तान के नागरिक रह चुके अदनान सामी ने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया। इस शेयर किए गए वीडियो में एक शख्स गधों के बीच खड़ा होकर भाषण दे रहा है। वो कह रहा है, ‘मेरे दोस्तों, मेरे भाइयों मुझे खुशी हुई है कि आप लोगों ने मुझे अपनी अंजुमान का सदर बनाया है। मैं आप लोगों को यकीन दिलाता हूं कि इंसान बनने के बावजूद मैं दुनियाभर के तमाम गधों के हुकूक की हिफाजत करूंगा। तमाम जानवरों के हुकूक की हिफाजत करूंगा और उन इंसानों के हुकूक की भी हिफाजत करूंगा, जो दुनिया में जानवरों से बदतर जिंदगी जी रहे हैं। मेरे दोस्तों इंसान ने हमेशा आपको गलत समझा है’

वायरल वीडियो में शख्स आगे कहता है, ‘आपने कभी सोचा? ऐ पगाल दे पुत्रों जरा सोचो, तुम लोग इंसान की बड़ी शय समझते हो लेकिन ये कभी नहीं सोचा कि इंसान बड़ा चालाक है। वो जरूरत के लिए हमको बाप भी बना लेता है।’ इतना ही नहीं, अदनान ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन भी दिया है। उन्होंने लिखा, ‘जनरल आसिम मुनीर का फील्ड मार्शल बनने के बाद पाकिस्तान सरकार को संबोधित करते हुए दिया गया स्वीकृत स्पीच।’ उनकी ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिस पर लोग खूब कमेंट्स कर रहे हैं और उनके खिल्ली उड़ाने के अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं।

अदनान के पिता पाकिस्तानी तो मां थीं इंडियन

बहरहाल, अगर अदनान सामी के बारे में बात की जाए तो अदनान के पिता पाकिस्तानी थे तो मां इंडियन। मगर सिंगर का जन्म यूके में हुआ था। साल 2001 में वो भारत आ गए थे। यहां वो विजिटिंग वीजा पर करीब 10 साल तक रहे। अदनान सामी के पास भारत की नागरिकता लेने से पहले पाकिस्तान और कनाडा की ड्यूअल सिटीजनशिप थी। ऐसे में साल 2016 में उन्होंने दोनों ही नागरिकता को छोड़ दिया और भारत की नागरिकता ले ली थी। अब वो अक्सर पाक सरकार की आलोचना करते रहते हैं। पहलगाम अटैक पर भी उन्होंने मुखर होकर पाकिस्तान के खिलाफ ट्वीट किए थे।

जिस ‘शापित’ बंगले ने बनाया सुपरस्टार, उसी ने कर दिया बर्बाद? राजेश खन्ना ने 3.5 लाख में इस हिट एक्टर से खरीदा था ‘भूत बंगला’