अभिषेक बच्चन को लेकर खबर आ रही है कि उन्होंने मुंबई में एक और प्रॉपर्टी खरीद ली है। द बॉम्बे टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अभिषेक ने मुंबई के पॉश इलाके में एक सुंदर अपार्टमेंट खरीदा है, जो बच्चन मैंशन जलसा के पास ही है। कहा जा रहा है कि प्रॉपर्टी से जुहू बीच का शानदार नजारा दिखता है। हालांकि, उन्होंने ये प्रॉपर्टी कितने की खरीदी है और ये कितनी बड़ी है इसे लेकर अब तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

कथित तौर पर, बच्चन परिवार के पास इस इलाके में और भी कई प्रॉपर्टी हैं, जिनमें पांच बंगले और नई बिल्डिंग में कुछ अपार्टमेंट शामिल हैं। ये भी बताया जा रहा है कि बच्चन फैमिली ने ज्यादातर संपत्ति एक ही बिल्डर से खरीदी है और जो अपार्टमेंट अभिषेक ने हाल ही में खरीदा है, ये किसी और बिल्डर का बनाया हुआ है।

दो महीने पहले खरीदे थे 6 बंगले

बता दें कि अभिषेक बच्चन दो महीने पहले भी संपत्ति में निवेश करने को लेकर चर्चा में आए थे। उन्होंने ओबेरॉय स्काई सिटी में छह अपार्टमेंट खरीदे थे। Zapkey.com ने प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन के जो डॉक्यूमेंट शेयर किए, उनके मुताबिक एक्टर ने इन बंगलों के लिए 15.42 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग में अभिषेक बच्चन ने अपना नया अपार्टमेंट खरीदा है, वहीं अक्षय कुमार की भी संपत्ति है। अक्षय के पास भी मुंबई में समुद्र के किनारे कई प्रॉपर्टी हैं।

अभिषेक बच्चन के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें आखिरी बार फिल्म ‘घूमर’ में नजर आए थे। इसके बाद वो जल्द ही ‘हाउसफुल 5’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार, फरदीन खान, पूजा हेगड़े और चित्रांगदा सिंह होंगे। इसके अलावा उनके पास सुजीत सिरकार की फिल्म भी है।