आप नेता संजय सिंह ने कश्मीर में आतंकी हमले में मारे गए बैंक मैनेजर विजय कुमार का जिक्र करते हुए मोदी सरकार को घेरा है। जिसपर पलटवार करते हुए फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी उनपर तंज सका है। संजय सिंह ने ट्विटर पर लिखा,” कश्मीर जल रहा है मोदी सरकार विपक्षियों को जेल भेजने में व्यस्त है। देखिए बैंक मैनेजर विजय कुमार की दिन दहाड़े आतंकवादी द्वारा हत्या कर दी गई। मोदी सरकार होश में आओ, कुंभकरन की नींद से जागो।”

अशोक पंडित ने इस ट्वीट को शेयर करते हुए लिखा,”सिद्धू मूसेवाला का वीडियो भी डाल देते।” आप नेता और अशोक पंडित के ट्वीट पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। राजेश शर्मा ने लिखा,”पंडित जी तुम्हें क्यों मिर्ची लगी ये वीडियो डालने में ये तो तुम्हारी ही आवाज उठा रहा है। पर तुम्हें तो कश्मीरी पंडितों के नाम पर सरकार के लिए दलाली करके माहौल बनाना है।”

फादर ऑफ द टी सेलर नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया,”बस अशोक पंडित को बुरा लग गया, संजय सिंह ने इसके मालिक पर उंगली कैसे उठा दी। नेहरू लिख देते तो खुश हो जाता।” शिवा ने लिखा,”ये फिर डिफेंन्ड करेगा मोदी को। इसके द्वारा कश्मीरी पंडितों के लिए उठायी जा रही आवाज एक ढोंग है। वहां भी ये मोदी का नाम डायरेक्ट नहीं ले पा रहा।”

आशुतोष नाम के यूजर ने लिखा,”इसकी पार्टी तो आतंकवादियों देशद्रोहियों के साथ देती है। अब इसको हिंदुओं के कत्लेआम की क्यों फिक्र है? लाखों बांग्लादेशी रोहिंग्या दिल्ली में बस गए, किसने घुसाए?” कुमार विनोद ने लिखा,”कश्मीर पंडितों के लिए कोई भी व्यक्ति नहीं लिख रहा हैं सरकार को, सभी राजनीति करने में लगे हुए हैं। आज की स्थिति क्या है कश्मीर में उस पर कोई नहीं बात कर रहा है, डर लग रहा है अपने आकाओं से।”

राजेंद्र गौतम ने संजय सिंह के ट्वीट पर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए लिखा,”इनके बॉस ने The Kashmir Files का मजाक उड़ाया था और ताड़का रूपी हंसी कौन भूल पायेगा।”

आपको बता दें कि 2 जून को कश्मीर में राजस्थान के बैंक मैनेजर विजय कुमार टारगेट किलिंग का शिकार हो गए। 3 जून को उनके पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में विजय कुमार को मुखाग्नि दी गई।