दिल्ली में अयोध्या की तर्ज पर बने राम मंदिर में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परिवार संग पूजा की। इस खास मौके पर उनके साथ दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और उनकी पत्नी सीमा सिसोदिया भी मौजूद थीं। दिवाली पूजा के लिए जहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लाल रंग के कुर्ते में नजर आए तो वहीं उपमुख्यमंत्री ऑरेंज रंग के कुर्ते में नजर आए। पूजा से संबंधित सीएम अरविंद केजरीवाल की एक तस्वीर उनके पूर्व सहयोगी आशुतोष ने भी साझा की।
आशुतोष ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तस्वीर को साझा करते हुए चुटकी ली और लिखा, “शायद पहली बार अरविंद केजरीवाल को डिजाइनर कुर्ते में देख रहा हूं।” दिल्ली के मुख्यमंत्री को लेकर किया गया आशुतोष का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। लेकिन अपने ट्वीट के कारण आशुतोष यूजर के निशाने पर आ गए।
सिद्धार्थ नाम के यूजर ने आशुतोष पर तंज कसते हुए लिखा, “तस्वीर देखकर आपको पता चल गया है कि वो डिजाइनर कुर्ता है?” नितिन गुप्ता नाम के यूजर ने उनके ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “आशु जी, कृप्या अपना ज्ञान दुरुस्त कीजिए। जो अरविंद केजरीवाल ने पहना है, वो सिंपल कुर्ता है लाल रंग में।”
अभिषेक पाल नाम के यूजर ने आशुतोष के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “दोनों ही बहुत अच्छे लग रहे हैं आशुतोष जी। वे बहुत ही अच्छे इंसान हैं। केजरीवाल जी ने अगले छह महीने तक के लिए फ्री राशन योजना का विस्तार किया है, जबकि बाकी राज्य सरकार जनता का पैसा लूटने में लगे हुए हैं।” आयुष मेहरोत्रा नाम के यूजर ने लिखा, “डिजाइनर कुर्ता? आज तक तुमने कभी कुर्ता नहीं खरीदा क्या? ऐसा कुर्ता बाजार की हर दूसरी दुकान में मिल जाता है।”
प्रेमल गमेती नाम के यूजर ने आशुतोष के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “पिछले तीन महीने से एक ही शर्ट पहनी थी, वो नहीं दिखी। लेकिन दिवाली पर पहना नया कुर्ता दिख गया। तुम अच्छे पत्रकार हो, ऐसे मत बनो।” एक यूजर ने ट्वीट पर चुटकी लेते हुए लिखा, “आशुतोष जी आम आदमी पार्टी को याद कर रहे हैं, वरना वो भी डिजाइनर कुर्ता जरूर पहनते।”
