Urmila Matondkar: एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर के लिए सोशल मीडिया पर अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करने को लेकर एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि 57 साल के एक शख्स ने सोशल मीडिया पर उर्मिला के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। ऐसे में विश्राम बाग पुलिस स्टेशन में धनंजय कुदतरकर नाम के शख्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
यह शख्स मुंबई, महाराष्ट्र का ही रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक,’धनंजय अपने सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल उर्मिला के लिए गलत कमेंट करने के लिए ही कर रहा था। वह व्यक्ति अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी कर रहा था।’ ऐसे में धारा 354 (A) 1 (4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बता दें, बॉलीवुड अदाकारा उर्मिला मातोंडकर पिछले दिनों कांग्रेस में शामिल होने के बाद खूब सुर्खियों में रहीं। तो वहीं लोकसभा चुनावों के दौरान करारी शिकस्त के बाद भी उर्मिला को लेकर काफी चर्चा हुई। उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस की ओर से नार्थ मुंबई सीट से लोकसभा चुनाव 2019 के लिए लड़ी थीं। जबकि भाजपा की ओर से इस सीट से गोपाल शेट्टी उनके सामने थे। बीजेपी के गोपाल शेट्टी ने उर्मिला मातोंडकर को 465247 वोटों से हराया था।
उर्मिला मातोंडकर बॉलीवुड की जानी मानी अदाकाराओं में से एक हैं। 90 के दशक में हिंदी सिनेमा की सुपरहिट अभिनेत्रियों में गिनी जाने वालीं उर्मिला ने अपने फिल्मी करिअर की शुरुआत एक बाल कलाकार के रूप में की थी। साल 1980 में आई फिल्म ‘जाकोल’ में उर्मिला ने सबसे पहले काम किया था। इसके बाद वह 1983 में शेखर कपूर की फिल्म ‘मासूम’ में नजर आईं।
जबकि 1989 में उर्मिला ‘नर्सिम्हा’ में बतौर लीड एक्ट्रेस नजर आईं। इसके बाद उर्मिला ने बॉलीवुड में खूब काम किया। फिल्म रंगीला, सत्या, खूबसूरत, जुदाई, जंगल, चाइना गेट, लज्जा, पिंजर जैसी फिल्में उनके करिअर की सुपरहिट फिल्में रहीं।