विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म 12th Fail हाल ही में डिज्नी हॉटस्टार पर स्ट्रीम होनी शुरू हुई थी। फिल्म आईपीएस मनोज कुमार शर्मा की रियल लाइफ स्टोरी पर बेस्ड है। मनोज शर्मा इस वक्त खूब सुर्खियों में हैं। शर्मा, बॉलीवुड के कई स्टार्स के साथ काम चुके हैं। क्योंकि वह मुंबई में एनुअल इवेंट उमंग का आयोजन करते थे। स्टार्स को करीब से जानने के बाद मनोज को समझ आया कि एक्टर्स कितने विनम्र और मेहनती होते हैं।

शर्मा ने हाल ही में बताया कि शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन समेत कई स्टार्स उमंग में बिना पैसा लिए परफॉर्म किया करते हैं। लल्लनटॉप के साथ बात करते हुए मनोज शर्मा ने कहा,”उमंग के आयोजन कराने की जिम्मेदारी उस इलाके के एडिशनल एसपी की होती है। ये मुंबई पुलिस के लिए हर साल होता है। यह मुंबई पुलिस के वेलफेयर के लिए एक बड़ा कार्यक्रम है। वहां जाकर मुझे ये पता चला कि कार्यक्रम में सभी कलाकार फ्री में आये थे। वे इसके लिए एक पैसा भी नहीं लेते। वो सिर्फ इसलिए आते हैं क्योंकि मुंबई पुलिस उन्हें बुलाती है।”

उन्होंने कहा,”चाहे अमिताभ बच्चन हो, सलमान खान हो, आमिर खान हो, रणवीर सिंह या शाहरुख खान हो। हर कोई इस इवेंट के लिए आता है। ये प्रोग्राम पांच घंटे से ज्यादा चलता है, उनकी परफॉर्मेंस भी।”

आपको बता दें कि उमंग 2023 दिसंबर में हुआ था और इसमें अनन्या पांडे, आदित्य रॉय कपूर, रणवीर सिंह, शिल्पा शेट्टी, कियारा आडवाणी और करण जौहर सहित अन्य ने भाग लिया था। इवेंट में शाहरुख और सलमान ने अपने हिट नंबर्स पर परफॉर्म किया था। इन सबके बारे में मनोज शर्मा ने बात की।

गौरतलब है कि मनोज कुमार शर्मा की असली कहानी को विक्रांत मेस्सी ने स्क्रीन पर दोबारा जिंदा किया है। उनकी एक्टिंग की खूब तारीफ हो रही है। विक्रांत ने उनके किरदार को असली बनाने के लिए खूब मेहनत की है। मनोज ने भी इसमें उनकी पूरी मदद की है। फिल्म के निर्माण के समय मनोज ने ये समझा कि ये बेहद मुश्किल काम है।

इसके बारे में बात करते हुए मनोज ने कहा,”मुझे एहसास हुआ कि ये लोग जिस तरह का प्रयास कर रहे हैं, हम केवल वही देख सकते हैं जो उन्होंने शूट किया है, लेकिन इसमें जिस तरह की कड़ी मेहनत की गई है वह अद्भुत है। गजब की मेहनत करते हैं। किसी के पास उस तरह की ताकत नहीं है। यह इतना आसान नहीं है। मुझे हाल ही में पता चला कि एक शूट के लिए उन्हें 5-10 दिनों तक एक ही जगह पर रहना होगा।”

आपको बता दें कि मनोज कुमार शर्मा पर आधारित इस फिल्म को 3 स्टार रेटिंग मिली है। इतना ही नहीं ये फिल्म ऑस्कर के लिए भी नॉमिनेट हुई है।