विक्रांत मैसी (Vikrant Massey) और मेधा शंकर (Medha Shankar) स्टारर फिल्म ’12वीं फेल’ (12th Fail) पिछले साल यानी कि 2023 की बेस्ट फिल्म रही है। इसे ना केवल लोगों ने बल्कि बॉलीवुड सेलेब्स तक ने पसंद किया है। इसमें विक्रांत ने आईपीएस अफसर मनोज कुमार और मेधा ने आईआरएस अफसर श्रद्धा जोशी का रोल प्ले किया है। इन किरदारों में दोनों को काफी पसंद किया गया है। इनकी केमिस्ट्री भी स्क्रीन पर खूब जमी है। इसे IMDB की लिस्ट में हाइएस्ट रेटिंग 9.1 मिली है। इतना ही नहीं मूवी टॉप 250 इंडियन फिल्म्स की लिस्ट में भी शामिल हो चुकी है। ऐसे में अब एक्ट्रेस ने अपने स्ट्रगल के दिनों को याद किया है। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था जब उनके अकाउंट में 257 रुपए बचे थे। चलिए बताते हैं उन्होंने क्या कहा।

दरअसल, हाल ही में एक्ट्रेस मेधा शंकर ने IMDB के साथ खास बातचीत की है। इस दौरान एक्ट्रेस ने स्ट्रगल के दिनों को याद किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें ’12वीं फेल’ के लिए काफी समय लग गया था। उन्होंने बतौर एक्टर करियर की शुरुआत मुंबई में 2018 से की थी। साल 2022 में उन्होंने पहली बार इस फिल्म के लिए कास्टिंग एजेंसी को ऑडिशन दिया था। इसके बाद डायरेक्टर विधु विनोद चोपड़ा और उनकी टीम के साथ स्क्रीन टेस्ट के लिए गई थी। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्हें ऑडिशन के दौरान मन में हो रहा था कि ये रोल उनके लिए ही है, जो कि बाद में सच हुआ। जब उन्हें विधु विनोद चोपड़ा का कॉल आया कि वो इसमें लीडिंग लेडी हैं।

मेधा शंकर ने बताया कि फिल्म में लीड रोल मिलने के बाद उन्होंने अपने पिता को गले लगाया। अपने भाई को फोन किया, जो कि बेंग्लौर में रहता है। ये पल उनके लिए काफी इमोशनल भरा रहा था और उनकी आंखों में आंसू था। संघर्षों के दिनों को याद करते हुए एक्ट्रेस कहती हैं कि उन्होंने अपने करियर में काफी चैलेंजेस फेस किए हैं। 2020 उनके लिए काफी खराब साल साबित हुआ था क्योंकि दुनियाभर में बहुत सी चीजें चल रही थीं। इस दौरान वो बुरी तरह से टूट गई थीं। उनके अकाउंट में 257 रुपए बचे थे।

बताया क्यों बनना चाहती थीं एक्टर?

इतना ही नहीं मेधा शंकर अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए बताती हैं कि वो एक्टर इसलिए नहीं बनना चाहती थीं कि उन्हें लाइमलाइट मिल सके, ग्लैमर, ब्यूटी, अच्छे कपड़े और अटेंशन मिले। इन सबके लिए एक्टिंग में नहीं आना चाहती थीं। वो बताती हैं उन्होंने इन सब चीजों के बारे में कभी नहीं सोचा। वो केवल इसलिए एक्टर बनना चाहती थीं क्योंकि वो क्राफ्ट और आर्ट में पूरी तरह से डूबी हुई थीं। वो जानती थीं कि एक्टिंग ही उनकी दुनिया है।

गौरतलब है कि एक्ट्रेस मेधा शंकर महाराष्ट्रीयन फैमिली से हैं। वो दिल्ली एनसीआर में नोएडा की रहने वाली हैं। वो एक्ट्रेस होने के साथ-साथ एक क्लासिकल सिंगर और मॉडल भी हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की और इसके बाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी से फैशन मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की है।