Karnataka Election Results 2023 : कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 34 साल बाद सीटों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक अबतक कांग्रेस के खाते में 136 सीट जाती हुई दिखाई जा रही है। कांग्रेस के तमाम नेता इस बड़ी जीत को लेकर काफी खुश नज़र आ रहे हैं। चुनाव के दौरान काफी सक्रिय दिखाई दी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस जीत को लेकर मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह जीत हमारे लिए एक बड़ी ज़िम्मेदारी लेकर आई है।

क्या 2024 में पीएम बनेंगे राहुल गांधी? इस सवाल का प्रियंका ने दिया ये जवाब

कांग्रेस पार्टी की प्रचंड बहुमत से जीत के बाद जब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मीडिया के बीच पहुंची तो उनसे सवाल किया गया कि 2024 में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने को लेकर चर्चाएं हैं, इसपर आप क्या सोचती हैं? इस सवाल का जवाब देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ” देखिए, जैसा मैंने कहा, एक बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी है, हम जानते के सामने कुछ गारंटी लेकर गए, हमें उन्हें पूरा करना है और आगे जनता ही बताएगी क्या होगा”

इससे पहले प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कर्नाटक की जनता को बधाई देते हुए लिखा, “कांग्रेस पार्टी पर ऐतिहासिक फैसले के लिए कर्नाटक की जनता का हार्दिक धन्यवाद!, कन्नड़ लोगों ने भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता, मूल्य वृद्धि के खिलाफ अपना वोट दिया और कर्नाटक के लोग हमारे देश को एकजुट करने के लिए कांग्रेस के हाथ से जुड़ रहे हैं, मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कर्नाटक कांग्रेस के नेताओं को दिल से धन्यवाद देती हूं। आपकी निरंतर मेहनत का फल मिला है। कांग्रेस पार्टी कर्नाटक के लोगों से किए गए वादों को पूरा करेगी।

इससे पहले मौजूदा मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की हार स्वीकार करने के बाद कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने शनिवार को उम्मीद जताई है कि राहुल गांधी 2024 के लोकसभा चुनाव में देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

उन्होने जीत की खुशी ज़ाहिर करते हुए कहा, “यह एक सेक्युलर पार्टी की जीत है..कर्नाटक के लोग एक स्थिर सरकार चाहते थे जो वादे के अनुसार काम करे, और इसलिए कांग्रेस को जनादेश दिया है”