पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर भाजपा की ‘विजय संकल्प’ रैली को रोके जाने के कारण राज्य में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच संघर्ष हो गया। कानून प्रवर्तकों ने बताया कि स्कूल बोर्ड परीक्षाएं जारी रहने के दौरान जन रैलियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस वजह से रैलियों के लिए अनुमति नहीं होने के कारण से पुलिस ने बाइक रैली को रोक दी। बाइक रैली को रोके जाने पर भाजपा कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठियां बरसाई। उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

‘विजय संकल्प’ मोटरसाइकिल रैली लोगों से संपर्क करने के लिए भाजपा के देशव्यापी चुनाव पूर्व संपर्क अभियान का हिस्सा है। इस रैली का उद्देश्य देशव्यापी स्तर पर चुनाव पूर्व लोगों के साथ संपर्क को बढ़ाना है। भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिसर्किमयों के बीच दुर्गापुर, पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल, मिदनापुर शहर तथा पश्चिम मिदनापुर के गोआलतोर और दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट में उस समय झड़पें हुई, जब वे मोटरसाइकिल रैली निकाल रहे थे।

पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए आसनसोल और गोआलतोर में लाठीचार्ज किया जिसमें दोनों तरफ के कुछ लोग घायल हो गये। भाजपा के राज्य इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने दुर्गापुर में कहा कि पुलिस द्वारा उनके पार्टी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने के बाद भी रैलियां की जांएगी।

बता दें कि भाजपा का लक्ष्य आगामी लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की लोकसभा की कुल 42 सीटों में से 23 पर जीत दर्ज करना है। यह लक्ष्य भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने तय किया है। इसके लिए बूथ स्तर तक का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। साथ ही वैसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की कवायद चल रही है, जिनके जीतने की संभावना ज्यादा हो। इसके लिए पार्टी आंतरिक सर्वे भी करवा रही है। गौरतलब है कि 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा यहां केवल दो सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई थी। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने 34, कांग्रेस ने चार और माकपा ने दो सीटें अपने नाम की थी।