West Bengal Lok Sabha Election Results 2019: आम चुनाव के रुझानों को देखकर लगता है कि पश्चिम बंगाल में भगवा आंधी चल रही है। रुझानों में शानदार प्रदर्शन के साथ ही बीजेपी राज्य की आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में भी जबर्दस्त जीत की ओर बढ़ती दिख रही है। आठ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा चार सीटों पर आगे है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस तीन सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस एक सीट पर आगे है।

इनमें से एक सीट एक विधायक के निधन और सात सीट लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए सात विधायकों द्वारा दिए गए इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थीं। भाटपाड़ा विधानसभा सीट पर भाजपा के पवन कुमार सिंह तृणमूल कांग्रेस के मदन मित्रा से 35,281 मतों से आगे हैं।

Loksabha Election 2019 Results live updates: See constituency wise winners list

पवन कुमार सिंह, अर्जुन सिंह के पुत्र हैं जो बैरकपुर से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी हैं। उन्होंने संसदीय चुनाव लड़ने के लिए भाटपाड़ा विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी सुप्रीमो द्वारा टिकट देने से इनकार किए जाने पर भाटपाड़ा के विधायक ने तृणमूल कांग्रेस छोड़ दी थी और आम चुनाव की घोषणा के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे।

दार्जीलिंग में भाजपा के नीरज तमांग जिम्बा गोरखा क्षेत्रीय प्रशासन के अध्यक्ष बिनय तमांग से 15,800 मतों से आगे हैं। तमांग निर्दलीय उम्मीदवार हैं और उन्हें सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का समर्थन प्राप्त है। हबीबपुर में भाजपा के जोयेल मुर्मू तृणमूल कांग्रेस के अमाल किस्कू से 9,766 वोटों से आगे हैं।

इस्लामपुर में तृणमूल कांग्रेस के अब्दुल करीम चौधरी भाजपा उम्मीदवार एस मंडल से 20,926 मतों से आगे हैं। कांडी विधानसभा सीट पर कांग्रेस के जनिस शैफुल आलम खान तृणमूल कांग्रेस के गौतम रॉय से 8,377 मतों से आगे हैं। कृष्णगंज में भाजपा के आशीष कुमार बिस्वास कांग्रेस के प्रथम रंजन बोस से 13,527 मतों से आगे हैं।

नोवदा में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार सहिना ममताज बेगम (खान) कांग्रेस के सुनील कुमार मंडल से 20684 मतों से आगे हैं। उलबेरिया में तृणमूल कांग्रेस के इदरीस अली भाजपा के प्रत्यूष मंडल से 9,973 मतों से आगे हैं।