Madhya Pradesh (MP) Election/Chunav 2018 Updates: मध्य प्रदेश के 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान देर शाम तक भी जारी है। शाम छह बजे तक 74.61 फीसद वोटर्स ने वोटिंग की थी। वर्ष 2013 के चुनाव के मुकाबले इस साल वोटिंग प्रतिशत में उछला आया है। इससे पहले चंबल क्षेत्र के कुछ स्थानों से मारपीट, गोलीबारी और मतदान केंद्रों में तोड़फोड़ की खबरें आई थीं। दोपहर 3 बजे तक 50 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं, बड़ी संख्या में ईवीएम के खराब होने पर उन्हें बदला भी गया था। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, “तीन मतदान केंद्रों पसरवाड़ा, लांजी और बैहर में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और शेष 227 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ।”
मतदान के दौरान भिंड जिले के कुछ मतदान केंद्रों में तोड़फोड़, गोलीबारी और हिंसा हुई थी। वहीं भिंड के तीन विधानसभा क्षेत्रों भिंड, लहार, अटेर के सभी उम्मीदवारों को जिला मुख्यालय में नजरबंद कर दिया गया था। वहीं, बड़ी संख्या में ईवीएम के खराब होने पर उन्हें बदला गया। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ईवीएम की खराबी को लेकर सवाल भी उठाए। राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। केंद्रीय सुरक्षाबलों की 650 कंपनियां तैनात की गई थीं। इसके अलावा सुरक्षा के लिए हेलीकॉप्टर भी उपयोग में लाए गए। वहीं, चुनाव ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य कारणों से इन्दौर और गुना में दो मतदान अधिकारियों की मृत्यु हो गई। इनके परिजनों को 10-10 लाख मुआवजा देने की भी घोषणा की गई है।

Highlights
मध्य प्रदेश में शुरुआत में वोटिंग की रफ्तार धीमी रही थी। लेकिन, धीरे-धीरे मतदान प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ा। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में शाम छह बजे तक 74.6 फीसद लोग मतदान कर चुके थे।
मध्य प्रदेश में इस साल तकरीबन 75 फीसद लोगों ने मत डाले। यह वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनावों के मुकाबले लगभग 2 फीसद तक कम है। पिछले विधानसभा चुनाव में 72.7 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले थे।
मध्य प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी वीएल. कंठ राव ने चुनाव से जुड़ी जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि चुनाव के दिन 883 बैलट यूनिट और 881 कंट्रोल यूनिट को रिप्लेस किया गया। इसके अलावा मॉक पोल और चुनाव के दौरान 2126 वीवीपीएटी को बदला गया।
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। लेकिन, अब सबकी नजरें अगले महीने आने वाले नतीजों पर टिकी है। बीजेपी डेढ़ दशक से प्रदेश की सत्ता पर काबिज है। ऐसे में सीएम शिवराज चौहान की अगुआई में बीजेपी को सत्ता में फिर से वापसी की आस है। वहीं, लंबे समय से राज्य की सत्ता से दूर कांग्रेस को सरकार में वापस आने की उम्मीद है। मतदाताओं ने दोनों दलों के भविष्य को ईवीएम में बंद कर दिया है।
मध्य प्रदेश में दोपहर 3 बजे तक 50 प्रतिशत मतदान हुआ है।
मतदान को लेकर आम मतदाताओं में उत्साह नजर आ रहा है, मतदान केंद्रों के बाहर मतदान शुरू होने से पहले ही मतदाताओं की कतारें लग गई । मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें मतदाताओं के उत्साह को बता रही हैं। कई स्थानों पर ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी पर मतदाताओं ने नाराजगी जताई। कई स्थानों पर तो मतदाताओं को एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
मध्य प्रदेश के 230 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान जारी है। चंबल क्षेत्र के कुछ स्थानों से मारपीट, गोलीबारी और मतदान केंद्रों में तोड़फोड़ की खबरें आ रही हैं। शुरुआती छह घंटे में लगभग 35 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं बड़ी संख्या में ईवीएम के खराब होने पर उन्हें बदला गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, "तीन मतदान केंद्रों पसरवाड़ा, लांजी और बैहर में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और शेष 227 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। पहले छह घंटों में 35 प्रतिशत मतदान हुआ है। कुल एक करोड़ 76 लाख मतदाता वोट डाल चुके थे। इनमें 92 लाख पुरुष और 83 लाख महिला मतदाताओं ने मतदान किया।"
ईवीएम मशीनों के खराब होने के संबंध में कमलनाथ ने ट्वीट पर कहा, ‘‘प्रदेश भर से बड़ी संख्या में ईवीएम मशीन ख़राब व बंद की जानकारी सामने आ रही है... इससे मतदान प्रभावित हो रहा है....मतदान केंद्रो पर लम्बी लाइनें लग गयी हैं...इतनी बड़ी गड़बड़ी कैसे ? चुनाव आयोग अविलंब इस पर निर्णय ले...तत्काल बंद मशीनों को बदले...’’।
मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा सीटों के लिए बुधवार को मतदान जारी है। इस बीच चंबल क्षेत्र के कुछ स्थानों से छिटपुट हिंसा की खबरें आ रही हैं। मतदान के शुरुआती पांच घंटे में लगभग 26 फीसदी मतदान हुआ है। सीईओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शुरुआत के पांच घंटों में पांच करोड़ चार लाख मतदाताओं में से एक करोड़ 26 लाख से अधिक मतदाता मतदान कर चुके थे। इनमें 69 लाख पुरुष और 59 लाख से अधिक महिला मतदाता हैं।
दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि कई ऐसे मतदान केन्द्रों पर जहां कांग्रेस समर्थक मतदाताओं की संख्या अधिक है, वहां से ईवीएम खराब होने के समाचार आ रहे हैं। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस के पोलिंग एजेन्ट्स को दो बातों का ध्यान रखना चाहिए। पहली ये कि जो मशीन खराब होती है और जो उसके स्थान पर बदली जाती है उनके नंबर जरूर नोट कर लें। दूसरी बात, जो नई मशीन आती है उसे वोटिंग चालू करने के पूर्व 50-100 वोट डाल कर चेक जरूर करें।’
प्रदेश में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी (आप) का दावा है कि वह दिल्ली वाली अपनी सफलता को राज्य में दोहराएगी, जहां 2015 के विधानसभा चुनाव में उसने कांग्रेस और भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया था। भाजपा ने सभी 230 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि कांग्रेस ने 229 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं और एक सीट अपने सहयोगी शरद यादव के लोकतांत्रिक जनता दल के लिये छोड़ी है। आप 208 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, बसपा 227, शिवसेना 81 और सपा 52 सीटों पर चुनावी मैदान में है।
मध्य प्रदेश चुनाव में कांग्रेस द्वारा "वक्त है बदलाव का" नारे पर तंज कसते हुए लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि सूबे में भाजपा के 15 वर्षीय शासनकाल में विकास के लिये बदलाव की शुरूआत काफी पहले हो चुकी है, लेकिन कांग्रेस को यह बात अब जाकर समझ आयी है। उन्होंने कहा, "प्रदेश में (भाजपा के राज में) विकास के लिये परिवर्तन तो कब से शुरू हो चुका है। लेकिन यह बात इनकी (कांग्रेस नेताओं को) समझ में अब आ रही है। सूबे में विकास हुआ है और ऐसी सड़कें बनी हैं जो इनके राज (पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल) में नहीं थीं।"
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मतदान के शुरुआती चार घंटों में लगभग 22 फीसदी मतदान हुआ है। तीन मतदान केंद्रों पसरवाड़ा, लांजी और बैहर में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जबकि शेष 227 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। मतदान के शुरुआती चार घंटों में 21 फीसदी मतदान हुआ है। सीईओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पांच करोड़ चार लाख मतदाताओं में से एक करोड़ 10 लाख से अधिक मतदाता मतदान कर चुके हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वी.एल कांताराव ने कहा, "कुल मिलाकर ईवीएम की 100 मशीनों को गड़बड़ी के बाद बदला गया। इन्हें आधे घंटे के भीतर बदल दिया गया।"
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य प्रभात झा ने दावा किया है कि मध्य प्रदेश में एक बार फिर भाजपा को बहुमत मिलेगा और सरकार बनेगी। झा ने बुधवार को यहां के मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। इस मौके पर उन्होंने दावा किया कि एक बार फिर राज्य में भाजपा की सरकार बन रही है। भाजपा की सरकार बनने के कारण है क्योंकि इस सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाई हैं और सभी के कल्याण का काम किया है। भाजपा के उपाध्यक्ष झा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसते हुए कहा कि वे तो तलवार लिए घूम रहे हैं। वे शिवराज को धक्का देने की कोशिश में हैं, जनता जनार्दन ही तय करती है अपना नेता।
केंद्र सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने और व्यापारियों और उद्यमियों को बुरी स्थिति में डालने का आरोप लगाते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि भाजपा मध्य प्रदेश और राजस्थान के विधानसभा चुनाव में हारेगी। पुरुलिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा, "आज, व्यापारी मुश्किल में हैं। वे सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग से डरे हुए हैं। यह डर पहले नहीं था। राजस्थान की जनता भाजपा की केंद्र सरकार को और सहयोग नहीं देगी। राजस्थान में उनकी बड़ी हार होगी। मैंने सुना है कि उनकी स्थिति कहीं भी अच्छी नहीं है, चाहे मध्य प्रदेश हो या राजस्थान।"
राज्य में मतदान के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय सुरक्षाबलों की 650 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके साथ ही प्रदेश के बाहर से आए 33 हजार होमगार्ड भी तैनात किए गए हैं।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बुधवार को मतदान के दौरान तीन विधानसभा क्षेत्रों भिंड, अटेर और लहार के उम्मीदवारों को प्रशासन ने नजरबंद किया है। भिंड जिले में चुनाव प्रचार के दौरान उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच विवाद के मद्देनजर प्रशासन ने यह कदम उठाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरें बता रही है कि भिंड के विश्राम गृह में भिंड से भाजपा उम्मीदवार राकेश सिंह चतुर्वेदी, सपा उम्मीदवार नरेंद्र सिंह कुशवाह, अटेर से कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे, अटेर से भाजपा उम्मीदवार अरविंद भदौरिया को रोका गया है। इन्हें प्रशासन ने नजरबंद कर रखा है। उम्मीदवारों को नजरबंद किए जाने के सवाल पर निर्वाचन अधिकारी कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। उम्मीदवार एक कमरे में बैठकर अपने समर्थकों से फोन पर संवाद कर लगातार दिशानिर्देश दे रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश की कांग्रेस इकाई की चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी पर चिंता जताते हुए निर्वाचन आयोग से इसकी शिकायत की। सिंधिया ने इससे पहले यहां फूलबाग स्थित एएमआई स्कूल के मतदान केंद्र जाकर मतदान किया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "उन्हें विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से ईवीएम मशीनें खराब होने की शिकायतें मिल रही हैं। इसको लेकर उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत की है और साथ ही अनुरोध किया है कि जिन स्थानों पर मशीनें खराब होने के चलते मतदान रुका वहां मतदान का समय बढ़ाया जाएं।"
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वी.एल कांताराव ने माना कि प्रदेश के 100 मतदान केंद्रों से ईवीएम मशीनों खराब होने की शिकायत आई। इन मशीनों को आधा घंटे के भीतर बदल दिया गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, तीन मतदान केंद्रों पसरवाड़ा, लांजी और बैहर में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जबकि शेष 227 सीटों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान के शुरुआती तीन घंटों में 13 फीसदी मतदान हुआ।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कुल 5,04,95,251 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे जिनमें 2,63,01,300 पुरुष, 24130390 महिलाएं और 1389 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इनमें से 65,000 सर्विस मतदाता डाक मतपत्र से पहले ही मतदान कर चुके हैं। इस चुनाव के लिए 1,094 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 2,899 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 2,644 पुरूष, 250 महिलाएं एवं पांच ट्रांसजेंडर शामिल हैं। पूरे राज्य में 65,367 मतदान केंद्र बनाये गए हैं। इनमें से 17,000 मतदान केन्द्र संवेदनशील घोषित किये गये हैं।
मध्य प्रदेश में चुनाव के दौरान तीन अधिकारियों की कॉर्डियक अरेस्ट की वजह से मौत हो गई। चुनाव आयोग ने तीनों अधिकारियों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में वोट देने के बाद कहा, "मैं आश्वस्त हूं कि राज्य की जनता के आशीर्वाद से कांग्रेस 11 दिसंबर को प्रदेश में सरकार बनाएगी।
मध्य प्रदेश में चुनाव के दौरान चुनाव आयोग के तीन अधिकारियों की कॉर्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। इसमें से एक अधिकारी गुना में और दो इंदौर में तैनात थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्वीट कर कहा, "आज मध्य प्रदेश में मतदान का दिन है। प्रदेश के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के महापर्व में भाग लें और भारी संख्या में मतदान करें।"
मप्र के मतदाताओं से राहुल ने नफरत को नकारने की अपील की नयी दिल्ली, 28 नवंबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बीच बुधवार को राज्य के लोगों से वोट डालने की अपील करते हुए कहा कि लोग नफरत को नकारें और सच को स्वीकार करें। गांधी ने ट्वीट कर कहा, ''मध्यप्रदेश के मतदाताओं से विनम्र आग्रह। वोट प्रजातंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। आज अपना वोट जरूर डालें क्योंकि वक्त बदलाव का है। आइये, सच को स्वीकारें, नफरत को नकारें, वादा निभाएं, हाथ बढ़ाएं, हरघर ख़ुशहाली लाएं, मध्यप्रदेश में लोगों की सरकार बनाएं। "
पुलिस ने मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित संत मैरी बूथ पर भाजपा के पोलिंग एजेंट के पास से चुनावी प्रचार सामग्री बरामद की है। यह बरामदगी बूथ से 200 मीटर के दायरे में की गई है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया गया है।
शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी में अपना वोट देने के बाद कहा कि वे 100 प्रतिशत आश्वस्त हैं कि भाजपा एक बार फिर से राज्य में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। हमने 200 सीटों पर जीत का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए हमारे लाखों कार्यकर्ता काम कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने शिवपुरी के एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, कांग्रेस नेता कमल नाथ ने छिंदवाड़ा में अपना वोट डाला। वोट डालने से पहले कमल नाथ छिंदवाड़ा स्थित हनुमान मंदिर में पूजा की।
ग्वालियर जिले के डाबरा में बूथ नंबर 178 पर ईवीएम काम नहीं कर रहा है। इस वजह से वहां मतदान की प्रक्रिया बाधित हो गई है। अधिकारियों ने कहा, "जल्द ही इस समस्या को दूर कर लिया जाएगा।" करीब घंटे बाद इस ईवीएम की खराबी को दूर कर लिया गया।
मध्य प्रदेश के 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो चुका है। मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने शुरू हो गए हैं। हालांकि, सुबह में हल्की ठंड होने की वजह से मतदाताओं की ज्यादा संख्या नहीं है। लोग धीरे-धीरे अपने मताधिकार का प्रयोग करने केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
कांग्रेस नेता कमल नाथ ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि मुझे राज्य की जनता पर पूर्ण विश्वास है। वे साधारण व्यक्ति हैं, जिन्हें भाजपा लंबे समय से ठग रही है।
मध्य प्रदेश में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं। मतदान के दिन सुबह वर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा नदी के तट पर पूजा-अर्चना की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा जीतेगी तभी राज्य का कल्याण होगा।"
मध्य प्रदेश में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा और शाम पांच बजे तक लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए वक्त दिया जाएगा। मतदान को लेकर सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सुचारू रूप से इस कार्य को संपन्न कराने के लिए कर्मचारी मतदान केंद्र पर पहुंच चुके हैं।