उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी काफी तेज हो चुकी है। प्रदेश की 70 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत झोंक रहे हैं। वहीं, विधानसभा चुनाव को लेकर कई चैनल्स द्वारा सर्वे किए जा रहे हैं। ऐसा ही एक सर्वे टाइम्स नाउ नवभारत द्वारा किया गया है। इसमें पहाड़ी राज्य उत्तराखंड की जनता का मूड जानने की कोशिश की गई है। आइए, जानते हैं कि टाइम्स नाउ नवभारत के वोट मीटर में जनता क्या कहती है।
टाइम्स नाउ नवभारत के वोट मीटर के मुताबिक, उत्तराखंड विधानसभा चुनाव (Uttarakhand Assembly Elections) में भारतीय जनता पार्टी को सबसे अधिक सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। उत्तराखंड में कुल 70 सीटें हैं जिनको लेकर तमाम दल अपने-अपने दावे करते रहे हैं। इस सर्वे के मुताबिक, भाजपा 44-49 सीटें लाकर दोबारा सरकार बना सकती है। वहीं, कांग्रेस को 10-14 सीटें मिल सकती हैं। जबकि, आम आदमी पार्टी को 8-11 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा, अन्य के खाते में 1-3 सीटें जा सकती हैं।
वोट प्रतिशत की बात करें तो, सर्वे के मुताबिक भाजपा को 42.56 फीसदी मत मिल सकता है। कांग्रेस को 26.31% वोट मिल सकता है, आम आदमी पार्टी को 18.74 फीसदी मत मिलने का अनुमान है। वहीं, अन्य के खाते में 12.39% वोट जा सकते हैं। इस तरह, भाजपा को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में बढ़त मिलने का अनुमान है।
सर्वे में लोगों से राय ली गई थी कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री की पहली पसंद कौन है? इस पर 41.43% लोगों ने पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) को मुख्यमंत्री पद की पहली पसंद बताया है। वहीं, हरीश रावत को 24.12 फीसदी लोगों ने सीएम के चेहरे के तौर पर पसंद किया है। इसके अलावा, कर्नल अजय कोटियाल को 16.53% लोगों का समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस में सीएम पद का सबसे भरोसेमंद चेहरा कौन है? इस पर हरीश रावत (Harish Rawat) के पक्ष में 62.44 लोगों ने वोट किया और प्रीतम सिंह के समर्थन में 28.64% लोग रहे। इसी तरह, BJP में सीएम पद की पसंद को लेकर पूछे गए सवाल पर सबसे अधिक 78.63% वोट पुष्कर सिंह धामी को मिले। वहीं, अनिल बलूनी के समर्थन में 11.53% लोग रहे।