फरवरी महीने में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव होने हैं। जहां यूपी में सात चरणों में चुनाव होगा तो वहीं कई राज्यों में एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। ऐसे में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता दिख रहा है। बता दें कि एबीपी सी-वोटर के सर्वे में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही है।
बता दें कि सर्वे के मुताबिक उत्तराखंड की 70 सीटों में भाजपा के खाते में 31 से 37 सीटें आ सकती हैं। वहीं कांग्रेस को लेकर अनुमान है वह 30 से 36 सीटें जीत सकती हैं। इससे माना जा रहा है कि भाजपा के मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। इसके अलावा उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी भी काफी जोर लगा रही है। हालांकि सर्वे में उसे 2-4 सीटें मिलती ही दिख रही है। वहीं अन्य को 0-1 सीटें मिल सकती हैं।
सर्वें में सामने आए आंकड़ों से अलग सभी दल अपनी जीत का दावा कर रही हैं। लेकिन तमाम सर्वे के मुताबिक कांग्रेस भाजपा को अच्छी टक्कर देती दिख रही है। रिपब्लिक-P MARQ के सर्वे को देखें तो बीजेपी को 36 से 42 सीटें मिल सकती है। वहीं कांग्रेस को 25 से 31 और आप को 0-2 सीटें मिल सकती है।
उत्तराखंड में लोगों के चुनावी मूड को लेकर Zee-डिजाइन बॉक्स्ड के सर्वे में पता चला है कि बीजेपी को 31 से 35, कांग्रेस को 33 से 37, आप को 0 से दो और अन्य को 0 से एक सीट मिल सकती है।
2017 का हाल: गौरतलब है कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में पिछली बार भाजपा को भाजपा को 70 सीटों में से 56 सीटें हासिल हुईं थी। इस बार सत्ताधारी दल पर अपनी कामयाबी दोहराने का दबाव भी होगा। वहीं कांग्रेस पिछली बार 11 सीटें ही जीत सकीं थी। हालांकि इस बार सर्वे में कांग्रेस की सीटें बढ़ती दिख रही हैं।
बता दें कि गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड की टोपी और मणिपुर की शॉल में नजर आये। इसके अलावा पीएम मोदी हल्की भूरी सदरी, क्रीम कलर का कुर्ता और चूड़ीदार पैजामा पहने नजर आये। गौरतलब है कि दोनों राज्यों में ही अगले महीने चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में पीएम मोदी की वेशभूषा को चुनावी राज्यों से जोड़कर देखा जा रहा है।