भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर 9 फरवरी बुधवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया है। भाजपा ने इसे उत्तराखंड दृष्टि पत्र का नाम दिया है। इस घोषणा पत्र में भाजपा ने वादा किया कि उत्तराखंड के हर जिल में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित किये जाएंगे। बता दें कि केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा उत्तराखंड भाजपा के ‘दृष्टि पत्र’ का विमोचन किया गया।
इस घोषणा पत्र में मनरेगा श्रमिकों के वेतन में चरणबद्ध तरीके से वृद्धि की बात कही गई है। उत्तराखंड के हर गांव में मजबूत वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली स्थापित की जाएगी। वहीं पीएम- वाणी योजना के जरिए हर गांव में वाई-फाई हॉट स्पॉट का वादा किया गया।
घोषणा पत्र की खास बातें:
- हर ग्राम पंचायत में सुसज्जित सामुदायिक और मनोरंजन केंद्र
- 2025 तक हर गांव में कम से कम एक एटीएम
- स्मार्ट विलेज कार्यक्रम के तहत सभी गांवों को विकसित करने का मिशन
- 2038 में औली में शीतकालीन ओलंपिक
- हर ब्लॉक में प्रतिभा चिन्हीकरण और प्रशिक्षण अकादमी
- देवभूमि को खेलभूमि बनाने का वादा
- उत्तराखंड जिताएगा 2032 ओलिंपिंक खेलों में गोल्ड
- निर्धन परिवारों को की महिला मुखिया को 500 रुपये हर महीने सहायता राशि
- राज्य भर में महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 500 करोड़ रुपये का विशेष कोष
- लव जिहाद पर कठोर कानून का वादा
- महिला थानों की संख्या दोगुनी करने का वादा
- 100 महिला पेट्रोलिंग कारों की शुरुआत
- उत्तराखंड में बनेगा सशक्त भू-कानून
इस घोषणा पत्र में भाजपा ने उत्तराखंड के हर ब्लॉक में किसान मंडी की स्थापना करने की बात कही है। इसके अलावा राज्य में पशुओं के चलते फसलों का जो नुकसान हो रहा है उसे कम करना लक्ष्य होगा। वहीं 50 घरों के लिए उचित मानदेय पर एक स्थानीय ग्राम प्रबंधक की नियुक्ति की बात कही गई है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया विमोचन: इस दृष्टि पत्र को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि भाजपा सरकार गरीब महिलाओं को तीन एलपीजी सिलेंडर फ्री में देगी। वहीं राज्य के किसानों को सम्मान निधि भी दी जाएगी।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश निशंक पोखरियाल ने कहा कि ये राज्य भाजपा ने बनाया और पीएम मोदी का लक्ष्य है कि इस राज्य को 2025 तक उत्तराखंड को इस देश का सबसे सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएंगे।
बता दें कि इस दृष्टि पत्र को बनाने के लिए भाजपा ने राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों की जनता से सुझाव लिए। ऐसे में भाजपा को 77 हजार से अधिक सुझाव मिले। इनका विश्लेषण कर प्रमुख सुझावों को भी दृष्टि पत्र का हिस्सा बनाया गया है।
