लोकसभा चुनाव के लिए दो चरणों का मतदान खत्म हो चुका है। यूपी में भी दो चरणों का मतदान खत्म हो चुका है। तीसरे चरण के लिए 7 मई को वोटिंग होगी। 7 मई को उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन सीटों में संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली शामिल है। अहम बात यह है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में इन 10 में से केवल दो सीटों पर बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था। वह दो सीटें संभल और मैनपुरी है।

संभल और मैनपुरी में क्या था मार्जिन

संभल लोकसभा सीट पर 2019 में बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ा था। यहां पर बीजेपी के उम्मीदवार को 1,74,826 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। सपा के शफीकुर रहमान बर्क ने बीजेपी के परमेश्वर लाल सैनी को हराया था। मैनपुरी लोकसभा सीट पर भी बीजेपी की हार हुई थी। यहां से मुलायम सिंह यादव ने बीजेपी के उम्मीदवार प्रेम सिंह शाक्य को 94,389 वोटों से हराया था।

जानिए बाकी 14 सीटों की जीत का मार्जिन

इन दो सीटों के अलावा भाजपा की 14 अन्य सीटों पर भी हार हुई थी। सहारनपुर लोकसभा सीट से बीजेपी को 22,417 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। तो वहीं बिजनौर लोकसभा सीट पर भी बीजेपी को 69,941 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। नगीना लोकसभा सीट पर भी बीजेपी को एक लाख 1,66,832 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।

मुरादाबाद लोकसभा सीट पर भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था। मुरादाबाद से बीजेपी को 98,122 वोटों से हार हुई थी। वहीं रामपुर लोकसभा सीट से आजम खान ने बीजेपी को 1,09,997 वोटों से हराया था। अमरोहा लोकसभा सीट पर बीजेपी को 63,248 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। तो वहीं संभल लोकसभा सीट पर बीजेपी की 1,74,826 वोटों से हार हुई थी।

रायबरेली से सोनिया गांधी कांग्रेस की उम्मीदवार थी। उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह को 1,67,178 वोटों से हराया था। तो वहीं श्रावस्ती से बीजेपी को 5,320 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। लालगंज से बीजेपी को 1,61,597 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। जौनपुर से बीजेपी को 80,936 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।