पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी इन दिनों गंगा यात्रा पर निकली हुई हैं। इस यात्रा के दौरान प्रियंका गांधी गंगा किनारे बसे पूर्वांचल के इलाकों का दौरा कर रही हैं। तकनीक और सोशल मीडिया के युग में भी प्रियंका गांधी ने प्रचार के लिए पारंपरिक तरीका चुना है और वह विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर लोगों से मिल रही हैं और उनकी समस्याएं सुन रही हैं। अपनी गंगा यात्रा के दूसरे दिन प्रियंका गांधी का काफिला भदोही जिले में पहुंचा। यहां से मिर्जापुर जाते हुए प्रियंका गांधी बनकट गांव के लोगों से मिली। इस दौरान प्रियंका गांव के एक कच्चे मकान में घुस गई और परिवार से बात की। बाद में प्रियंका गांधी ने ग्राम प्रधान से गरीब परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने के निर्देश दिए।

एनबीटी की एक खबर के अनुसार, दरअसल मिर्जापुर जाते समय दोपहर करीब 12 बजे प्रियंका गांधी का काफिला बनकट गांव में पहुंचा। यहां प्रियंका गांधी अचानक फूलचंद यादव नामक व्यक्ति के घर में घुस गई। प्रियंका को अपने घर में देख फूलचंद यादव और उनका पूरा परिवार आश्चर्यचकित रह गया। परिवार ने बातचीत के दौरान कच्चा मकान होने की बात कही, जिस पर प्रियंका गांधी ने तुरंत ग्राम प्रधान को फूलचंद यादव को पक्का मकान दिलाने की बात कही। अपनी इस पूरी यात्रा के दौरान प्रियंका गांधी जगह-जगह रुककर लोगों से मिलती रहीं और उनकी समस्याएं सुनती रहीं। सीतामढ़ी के दौरे पर प्रियंका गांधी प्रसिद्ध सीता मंदिर गईं और वहां टीका लगवाया। इसके बाद वह बाल्मिकी आश्रम भी पहुंची। गंगा घाट और स्थानीय बाजार होते हुए प्रियंका गांधी का काफिला मिर्जापुर के लिए निकला।

बता दें कि प्रियंका गांधी की गंगा यात्रा का आज तीसरा और आखिरी दिन है। आज प्रियंका गांधी का काफिला पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेगा, जहां वह लोगों से मुलाकात करेंगी। अपनी इस यात्रा के दौरान प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला और जमीन पर कोई काम नहीं होने की बात कही। बुधवार को वाराणसी के अस्सी घाट पर प्रियंका गांधी मल्लाह समुदाय के लोगों संबोधित करेंगी। इसके बाद प्रियंका दशाश्वमेध घाट जाएंगी और बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन भी करेंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद प्रियंका गांधी पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों के परिजनों से भी मुलाकात करेंगी।