Ballia Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा चुनाव पर चुनाव आयोग ने कहा है कि वह तारीखों का ऐलान 16 मार्च को करेगा। इससे पहले तमाम राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान करना भी शुरू कर दिया है। BJP ने अब तक दो लिस्ट में 267 कैंडीडेट्स के नामों का ऐलान किया है। कांग्रेस ने भी 81 प्रत्याशियों के नामों के साथ अपनी पहली लिस्ट निकाल दी है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश की 51 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। ऐसे ही उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से एक बलिया महत्वपूर्ण सीटों में से एक है। वर्तमान में इस सीट से भाजपा के वीरेंद्र सिंह मस्त सांसद हैं।
बलिया लोकसभा सीट पर बीजेपी इस बार हैट्रिक लगाने की आस लगाए है। । इस सीट पर भाजपा दो बार से लगातार जीत हासिल कर रही है। 2019 के चुनाव में भाजपा ने चेहरा बदल कर वीरेंद्र सिंह मस्त को मैदान में उतारा, जिन्होंने सपा के सनातन पांडेय को हराकर भाजपा को दूसरी बार जीत दिलाई थी। बलिया लोकसभा सीट से 8 बार जीतने वाले चंद्रशेखर देश के प्रधानमंत्री बने थे।
किसे मिल सकता है टिकट?
बलिया में बीजेपी के टिकट के दावेदारों में सबसे पहला नाम मौजूदा सांसद वीरेंद्र सिंह का ही चल रहा है। हालांकि, अभी इनके नाम की घोषणा नहीं हुई है। बीजेपी में दूसरा नाम नीरज शेखर का चल रहा है। कांग्रेस-सपा गठबंधन की ओर से सपा का उम्मीदवार होगा। लिस्ट में सबसे पहला नाम राजीव राय का चल रहा है। ये समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं और बलिया के ही रहने वाले हैं। इस सीट से बतौर उम्मीदवार नारद राय की भी चर्चा चल रही है। ये समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
लिस्ट में एक नाम अंबिका चौधरी का भी है।
भाजपा हालांकि, इस सीट पर मुश्किल में भी दिख रही है। बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने बगावती सुर छेड़ दिए हैं। बीजेपी ने अभी तक बलिया सीट से अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है। लेकिन सुरेंद्र सिंह का कहना है कि अगर यहां से मौजूदा बीजेपी सांसद वीरेंद्र मस्त को फिर टिकट मिला तो वो इसका खुलकर विरोध करेंगे। अगर जरुरत पड़ी तो वो उनके खिलाफ चुनाव भी लड़ सकते हैं।
लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम
2019 के लोकसभा चुनाव में बलिया सीट से भाजपा के वीरेंद्र सिंह मस्त ने जीत हासिल की थी। दूसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी के सनातन पांडे थे। वीरेंद्र सिंह को जहां 4.69 लाख वोट मिले थे, वहीं सनातन पांडे को 4.53 लाख वोटों से संतोष करना पड़ा था। बलिया लोकसभा सीट पर 9615 लोगों ने NOTA का बटन दबाया था।
बलिया का जातीय समीकरण
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में तीन लोकसभा क्षेत्र- बलिया, घोसी और सलेमपुर आते हैं। बलिया लोकसभा सीट के जातीय समीकरण की बात करें तो इस सीट पर सबसे बड़ी आबादी करीब तीन लाख ब्राह्मणों की है। इसके अलावा यादव, राजपूत और दलित वोट हैं। तीनों वर्ग की आबादी की संख्या यहां पर करीब ढाई-ढाई लाख है और मुस्लिम वोट करीब एक लाख है। बलिया लोकसभा सीट पर लगभग 18 लाख वोटर हैं और यहां की कुल आबादी करीब 25 लाख है, जिसमें 91.96 फीसदी आबादी गांवों में रहने वाली है। शहरी आबादी यहां पर केवल 8.04 फीसदी है।