समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और अमेठी से विधायक गायत्री प्रजापति पांच सालों मे छह गुना अमीर हो गए हैं। चुनाव आयोग में दाखिल किए गए हलफनामे में गायत्री ने इस बात की जानकारी दी है। इंडियन एक्सप्रेस को मिली जानकारी के मुताबिक, गायत्री के पास कुल 10.02 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। जिसमें से 6.89 करोड़ उनके और 3.13 करोड़ पत्नी के नाम पर है। उनकी दौलत में पूरे छह गुना की बढ़ोतरी हुई है। 2012 में दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक तब उनके पास 1.72 करोड़ रुपए की संपत्ति थी।
दो नए घर: गायत्री द्वारा दिए गए हलफनामे के मुताबिक, 2012 में उनके पास दो घर थे। जिसमें से एक लखनऊ और दूसरा अमेठी में था। वहीं 2017 में गायत्री ने उन दो घर के अलावा पुणे और महमूदपुर में भी एक-एक घर ले लिए हैं। दोनों घर उनकी पत्नी के नाम पर हैं।
खरीदे सात नए प्लॉट: 2012 में गायत्री प्रजापति ने बताया था कि उनके पास एक खेती योग्य जमीन है। 2017 में अब उनके पास आठ ऐसे प्लॉट हैं।
अपराधिक मामले: 2017 में गायत्री के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। लेकिन 2012 में उनपर एक मामला दर्ज हुआ था। जिसमें सरकारी कर्मचारी को चोट पहुंची थी और संपत्ति का नुकसान हुआ था।
अखिलेश ने प्रजापति को खनन घोटाले में कथित संलिप्ता के कारण उन्हें खनन मंत्री के पद हटा दिया था लेकिन बाद में पिता मुलायम सिंह यादव के हस्तक्षेप के बाद उन्हें मंत्रिमंडल में वापस ले लिया गया था। एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने मंच से कहा भी था कि उन्होंने मुलायम के कहने पर गायत्री को वापस लिया था।

