कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारकों में पार्टी नेता विनय कटियार को शामिल करने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। वाड्रा ने ट्वीट कर कहा, “एक ऐसे शख्स के नाम को स्टार प्रचारकों की सूची में देखकर हैरानी हुई, जिसका अतीत दागदार रहा है और जो अपनी टिप्पणियों से महिलाओं का निरादर करता है। भगवान हमें बचाएं।” वाड्रा ने भाजपा के स्टार प्रचारकों में दिग्गज नेता मुरली मनोहर जोशी और वरुण गांधी के साथ कटियार के नाम का उल्लेख करने वाली समाचार पत्र की एक तस्वीर भी साझा की। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी द्वार स्टार प्रचारकों की सूची में प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम सामने आने पर कटियार ने यह कहकर विवाद पैदा कर दिया था कि उनकी पार्टी में प्रियंका से कहीं अधिक सुंदर चेहरे हैं। कटियार ने प्रियंका पर टिप्पणी करते हुए मीडिया को कहा था, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारे पास स्टार प्रचारकों के रूप में उनसे अधिक सुंदर महिलाएं, अभिनेत्रियां हैं।”

वाड्रा ने इस बयान के लिए कटियार से माफी की भी मांग की थी। कटियार के बयान वाड्रा ने कहा था कि यह हमारे नेताओं की शर्मानाक सोच को जाहिर करता है। वाड्रा ने कहा था, ‘हमें महिलाओं का सम्मान करना चाहिए। महिलाओं को वस्तु समझने की बजाय उन्हें बराबर के नजरिए से देखा जाना चाहिए। एक समाज के तौर पर हमें बदलाव लाना होगा। विनय कटियार को अपने बयान के लिए सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।’

कांग्रेस पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा कटियार का बयान सुनकर हंसने लगी। कटियार की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा के दफ्तर से बयान में कहा गया था, ‘उन्होंने (कटियार) यह बयान देकर भारत की आधी आबादी के प्रति भारतीय जनता पार्टी के नजरिए का खुलासा किया है।’

भाजपा ने कटियार के इस बयान से किनारा कर लिया था। केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने कहा था, ‘किसी से भी निजी टिप्पणी, खासकर महिलाओं पर टिप्पणी करने की उम्मीद नहीं की जाती, भाजपा ऐसे बयान को उचित नहीं ठहराती।’