कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सपा गठबंधन प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश की राजनीति में नई दिशा तय करेगा। प्रदेश की जनता देख रही है कि दो युवा तथा दो पार्टी एक मंच पर खड़े होकर प्रदेश की सूरत बदल देंगे। राहुल गांधी बुधवार (8 फरवरी) को खुरजा में एक चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वह देश की गरीब जनता व निर्धन वर्ग की मदद न करके केवल पचास परिवारों की मदद कर रहे हैं और उन्हीं अमीर परिवारों के एक लाख दस हजार करोड़ का कर्ज माफ कर दिया। उन्होंने कहा कि मोदी जी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने की बात करते हैं लेकिन काम देश के पचास अमीर घरानों के लिए करते हैं।
नोटबंदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बैंको की लाइन में गरीब व मजदूर किसान लगा ना कि अमीर घरानों के सूट-बूट वाले लोग। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में मोदी ने दो लाख बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था उनका यह वायदा केवल छलावा था। उन्होंने कहा कि किसानों को कर्ज माफी का आश्वासन दिया गया लेकिन कर्ज सिर्फ अमीरों का माफ किया गया। प्रदेश में गठबंधन की हवा नहीं आंधी चल रही है। प्रदेश में सपा गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर युवा व किसानों की मदद की जायेगी। कांग्रेस व सपा दोनों ही प्रदेश की तरक्की में भागीदारी निभायेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहर जिन चीजों के लिए प्रसिद्ध है उन्हें बढ़ावा देकर मेक इन कानपुर, मेक इन सहारनपुर, मेक इन खुरजा, मेक इन भदोई के नाम से जाना जायेगा। कारीगरों और युवाओं को स्वयं का व्यापार करने के लिए रिण उपलब्ध कराया जायेगा। उधर, हापुड़ में कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सदा किसानों व मजदूरों की हिमायती रही है, जबकि मोदी सिर्फ देश के पचास अमीर लोगों की हिमायत करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने देश के पचास लोगों को एक लाख दस हजार करोड़ की सहायता दी है, जबकि कांग्रेस ने किसानों का कर्ज माफ करके 70 हजार करोड़ रुपये की सहायता किसानों को दी।
राहुल ने भाजपा सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने गत ढाई वर्षो के कार्यकाल में अपना कोई वादा नहीं निभाया उल्टे नोटबंदी करके देश की गरीब जनता व किसानों को बैंक के बाहर लाइन में लगा दिया, जिसके कारण किसान अपनी खेती नहीं कर पाया और मजदूर दो वक्त की रोटी के लिए मजदूरी नहीं कर पाया। उन्होंने कहा कि मोदी ने प्रत्येक व्यक्ति को पंद्रह लाख देने का वादा किया था, जिसे बाद में पार्टी अध्यक्ष द्वारा चुनावी जुमला करार दे दिया गया। इससे पता चलता है कि भाजपा केवल झूठों की पार्टी है जबकि कांग्रेस ने हमेशा किसानों व मजदूरों के लिए किये अपने वादों को निभाया है।
वहीं, मुरादनगर में राहुल ने कहा कि प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनने पर बुनकरों की कारीगरी की पहचान विदेशों तक पहुंचाने की बात कहकर राहुल गांधी ने तीस हजार से अधिक लोगों को साधने का काम किया है। बुनकर मुरादनगर की लाइफलाइन कही जाती है। उन्होंने कहा कि मुरादनगर में बनने वाली चादर की पहचान अब तक प्रदेश व देश में पहचान होती है, लेकिन यदि इस बार प्रदेश में सपा काग्रेस गठबंधन की सरकार बनी तो बुनकरों को किफायती ऋण दिया जाएगा।
