उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को उन्नाव पहुंचे। यहां पर तीसरे चरण में 19 फरवरी को चुनाव होना है। अखिलेश ने चुनावी रैली में बसपा और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने रैली में कहा, ”सोचो अगर हाथी आपके घर में घुस जाएगा तो सारा घर बर्बाद कर देगा। जो हाथी खड़े थे वह खड़े हैं, जो बैठे थे वह बैठे हैं। पत्थरवाली सरकार से होशियार रहना।” उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को भी निशाने पर लिया। अखिलेश ने कहा, ”स्कैम (SCAM) से देश को बचाना है- सेव कंट्री फ्रॉम अमित शाह एंड मोदी।” अखिलेश ने कांग्रेस-सपा के गठबंधन पर कहा कि ‘सपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों को जिताएं। हाथ के साथ साइकिल और तेजी चलेगी।’ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को कानपुर में संयुक्त रैली करने वाले हैं।
शनिवार को दोनों नेताओं ने आगरा में रैली की थी। अखिलेश-राहुल की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस और रोड शो लखनऊ में पिछले महीने हुआ था। राहुल ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को गंगा-यमुना के ‘संगम’ जैसा बताया था जो सरस्वती के लिए मिलती हैं।
