जिले में चुनावी आदर्श आचार संहिता का उल्लघंन करने के आरोप में एक सपा विधायक के साथ-साथ कांग्रेस, जनता दल (एकी) और भाजपा के 200 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि हाल में सपा विधायक संतोष पांडेय के लम्भुआ क्षेत्र में आने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने लम्भुआ तथा चांदा बाजार में जुलूस निकाला था। जोश में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की थी। बिना अनुमति के जुलूस निकालने पर सपा के लगभग 30-40 कार्यकर्ताओं पर आचार संहिता के उल्लघंन के मामले में लम्भुआ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह की तहरीर पर सपा विधायक संतोष पांडेय समेत 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया। इसी प्रकार शहर के रामनेरश त्रिपाठी सभागार में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उड़ान कार्यक्रम में आचार संहिता के उल्लघंन के मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

शनिवार को विभिन्न मामलों को लेकर जुलूस निकालने पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी आचार संहिता उल्लघंन के मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज हुआ है। तिकोनिया पार्क में बिना अनुमति के बैठक करने पर जदयू के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश उपाध्याय समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। उपजिलाधिकारी सदर सलिल कुमार पटेल ने बताया कि कांग्रेस, भाजपा तथा जदयू बिना अनुमति के कार्यक्रम कर रहे थे। इन सभी मामलों में कुल 200 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।