Lok Sabha Election 2019: भारत में लोकसभा चुनाव के लिए पांच चरणों का मतदान समाप्त हो चुका है। शेष दो चरणों का मतदान होना है। 23 मई को नतीजे घोषित होंगे। सरकार किसकी बनेगी, इसमें अभी समय शेष है, लेकिन चुनाव जीतने के लिए शराब से लेकर कैश और ड्रग्स तक का इस्तेमाल होने की खबर है। देश में आचार संहिता लागू होने के बाद पांचवे चरण के चुनाव 6 मई तक चुनाव आयोग ने पूरे देश में 810.80 करोड़ रुपये कैश, 266.82 करोड़ रुपये कीमत की शराब, 1250.73 करोड़ के ड्रग्स/नारकोटिक्स, 976.75 करोड़ रुपये कीमत के सोने व अन्य मूल्यवान धातु तथा 55.63 करोड़ रुपये कीमत के अन्य सामान जब्त किए हैं।

इसमें 153.68 लाख लीटर शराब और 67958.39 किलो ड्रग्स व नारकोटिक्स शामिल है। इन सभी की कुल कीमत देखी जाए तो 3360.73 करोड़ रुपये है। ऐसे में कहना गलत नहीं होगा कि यह चुनाव पैसा, शराब और ड्रग्स का कॉकटेल बन गया है। यहां मतदाताओं को लुभाने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।

चुनाव आयोग के द्वारा जारी डेटा को देखें तो सबसे ज्यादा जब्ती तमिलनाडु में हुई है। यहां 223.74 करोड़ कैश, 3.64 करोड़ के शराब, 46 लाख के ड्रग्स/नारकोटिक्स, 708.84 करोड़ के सोने व चांदी और 8.19 करोड़ के अन्य सामान जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती की कीमत 944.87 करोड़ है। तमिलनाडु के बाद दूसरे स्थान पर गुजरात है। यहां 7.4 करोड़ कैश, 11.36 करोड़ के शराब, 524.34 करोड़ के ड्रग्स/नारकोटिक्स तथा 2.39 करोड़ के सोने व चांदी जब्त किए गए हैं। इसी तरह तीसरे नंबर पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली है, जहां 418.45 करोड़ की जब्ती हुई है।

अन्य क्षेत्रों की बात करें तो अंडमान व निकोबाद द्वीप समूह में 59 लाख , आंध्र प्रदेश में 225.1 करोड़, अरुणाचल प्रदेश में 9.92 करोड़, असम में 16.67 करोड़, बिहार में 8.73 करोड़, चंडीगढ़ में 67 लाख, छत्तीसगढ़ में 9.33 करोड़, दादर व नगर हवेली में 2.29 करोड़, दमन व दीव में 1.41 करोड़, गोवा में 11.78 करोड़, हरियाणा में 22.673 करोड़, हिमाचल प्रदेश में 10.23 करोड़, जम्मू-कश्मीर में 2.32 करोड़, झारखंड में 9.18 करोड़, कर्नाटक में 88.28 करोड़, केरल में 35.9 करोड़, लक्ष्यद्वीप में 53 हजार, मध्य प्रदेश में 73.73 करोड़, महाराष्ट्र में 162.36 करोड़ की जब्ती हुई।

मणिपुर में 38.684 करोड़, मेघालय में 92 लाख, मिजोरम में 60 लाख , नागालैंड में 3.57 करोड़, ओडिशा में 8.18 करोड़, पुड्डुचेरी में 81 लाख, पंजाब में 275.79 करोड़, राजस्थान में 51.35 करोड़, सिक्किम में 29 लाख, तेलंगाना में 81.63 करोड़, त्रिपुरा में 1.94 करोड़, उत्तराखंड में 7.29 करोड़, उत्तर प्रदेश में 185.39 करोड़ और पश्चिम बंगाल में 104.3 करोड़ की जब्ती की गई।