अयोध्या जिले की गोसाईगंज सीट पर इस बार के विधानसभा चुनाव में दो बाहुबलियों की जंग देखने को मिल सकती है। दरअसल समाजवादी पार्टी ने इस सीट से पूर्व विधायक अभय सिंह को टिकट दिया है। वहीं भाजपा इस बार जेल में बंद बाहुबली खब्बू तिवारी की पत्नी आरती तिवारी को टिकट देने पर विचार कर रही है।
अभय सिंह और खब्बू तिवारी दोनों ही बाहुबली हैं और पिछले दो बार के विधानसभा चुनाव में आमने सामने रहे हैं। साल 2012 के विधानसभा चुनाव में सपा ने इस सीट से दबंग छवि वाले अभय सिंह को टिकट दिया था और बसपा की तरफ से इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ़ खब्बू तिवारी को टिकट दिया गया था। उस चुनाव में अभय सिंह ने खब्बू तिवारी को परास्त किया था।
इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले इंद्र प्रताप तिवारी बसपा छोड़ भाजपा में शामिल हो गए। बाद में भाजपा ने इंद्र प्रताप तिवारी को गोसाईगंज से टिकट दे दिया और पिछली बार की तरह ही अभय सिंह को सपा से टिकट मिला। पिछले विधानसभा चुनाव में खब्बू तिवारी ने करीब 10 हजार के अंतर से अभय सिंह को पराजित किया। लेकिन पिछले साल अक्टूबर महीने में खब्बू तिवारी की सदस्यता समाप्त कर दी गई। वर्तमान में खब्बू तिवारी जेल में हैं।
जेल में बंद होने की वजह से भाजपा इस बार खब्बू तिवारी की पत्नी आरती तिवारी को टिकट देने पर विचार कर रही है। खब्बू तिवारी को अयोध्या का दबंग भी कहा जाता है। उनके विरुद्ध 302,307, 308, 386, 323, 420, 467, 471, 504, 506, 147, 148, 149, 307, 120बी जैसी धाराओं में कई बार मुक़दमे दर्ज हुए हैं।
बता दें कि साल 2017 में अयोध्या की पांचों विधानसभाओं अयोध्या, रुदौली, मिल्कीपुर, बीकापुर और गोसाईगंज पर भाजपा ने परचम लहराया था। अयोध्या विधानसभा से वेद प्रकाश गुप्ता, रुदौली विधानसभा से भाजपा के रामचंद्र यादव, बीकापुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी शोभा सिंह चौहान, गोसाईगंज विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार इंद्रप्रताप तिवारी, मिल्कीपुर विधानसभा में भाजपा के उम्मीदवार गोरखनाथ ने जीत दर्ज की थी।