शनिवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बदायूं में सपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए भाजपा का छोटा नेता छोटा झूठ बोलता है, बड़ा नेता बड़ा झूठ बोलता है और सबसे बड़ा नेता सबसे बड़ा झूठ बोलता है। साथ ही उन्होंने बदलाव की अपील करते हुए लोगों से वोट मांगे।
भाजपा पर हमलावर रहे अखिलेश यादव ने शनिवार को बदायूं के लोडा बहेड़ी में कहा कि भाजपा के एक नेता कह रहे हैं कि हम गर्मी निकाल देंगे। लेकिन जैसे ही पहले चरण का चुनाव हुआ उनके कार्यकर्ता और नेता ठंडे पड़ गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पहले चरण में ही उनकी हालत ख़राब हो गई है और आगे आने वाले चरण में उनकी हालत और ख़राब होगी। सपा गठबंधन इस बार के चुनाव में जीत हासिल करेगी।
इसके अलावा उन्होंने नौकरी देने का वादा करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जिनके साथ भाजपा सरकार में भेदभाव और अन्याय हुआ है उनको संविधान की व्यवस्था के हिसाब से समायोजित करेंगे फिर नौकरी देंगे। इस दौरान उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि बाबा मुख्यमंत्री पर जितने मुकदमे हैं उतने देश के किसी मुख्यमंत्री पर नहीं हैं। उन्होंने अपने मुकदमे खुद ही हटा लिए।
इससे पहले बदायूं के इस्लामनगर में उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए भी मौजूदा भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने इस्लामनगर में कहा कि भाजपा को दोबारा सत्ता में नहीं आने देना है। अगर वो फिर आ गए तो संविधान और लोकतंत्र नहीं बचेगा। यह लोकतंत्र को बचाने का चुनाव हैै। साथ ही उन्होंने कहा कि हम समाजवादी सरकार बनने पर 300 यूनिट फ्री बिजली देंगे और किसानों को सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त देंगे।
इस दौरान अखिलेश यादव ने बेरोजगारी का जिक्र करते हुए कहा कि इससे पहले कभी इतनी बेरोजगारी नहीं देखी। फ़ौज और पुलिस समेत सभी नौकरी बंद कर दी गई। लेकिन सपा की सरकार बनने के बाद सभी सरकारी विभागों की भर्तियां की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि कोरोना आया बहुत सारे लोग बीमार हो गए। सरकार दवा का इंतजाम नहीं कर पाई। अस्पताल में बेड नहीं मिला। ऑक्सीजन नहीं मिला। जो सरकार लोगों की मदद नहीं कर पाई उसको हटाने का ये चुनाव है।