जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के मुखिया रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया कुंडा विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। राजा भैया अपने निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के गुलशन यादव से करीब 40 हजार वोटों से हरा दिया है। राजा भैया कुंडा विधानसभा सीट से लगातार 6 बार निर्दलीय चुनाव जीत चुके हैं।

कुंडा से विधायक राजा भैया ने गुलशन यादव को 40 हजार वोटों से हरा दिया है। इस सीट पर तीसरे स्थान पर भाजपा उम्मीदवार को 10798 वोट मिले हैं। बसपा को कुंडा विधानसभा सीट पर 1612 वोट मिले हैं। राजा भैया का 1993 से कुंडा सीट पर दबदबा बरकरार है। हालांकि, अबकी जीत का अंतर कम जरूर रहा है।

2017 के विधानसभा चुनाव में राजा भैया को 1,35,900 वोट मिले थे। जबकि दूसरे स्थान पर रहे भाजपा के उम्मीदवार जानकी शरण को 32,950 वोट मिले थे। इस तरह राजा भैया 1,03,647 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर लगातार छठी बार विधानसभा पहुंचे थे।

2022 के विधानसभा चुनाव में कुंडा में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने गुलशन यादव के समर्थन में रैली की थी। इस रैली के दौरान अखिलेश यादव ने राजा भैया पर तंज किया तो कुंडा के विधायक को ये बात नागवार गुजरी। पहली बार खुलकर राजा भैया ने अखिलेश यादव के खिलाफ हमला बोला और कहा कि उनको गलतफहमी है कि प्रदेश में सपा की सरकार आ रही है।

राजा भैया ने एक चुनावी रैली के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा था, “बहुत बर्दाश्त कर लिया, लेकिन अब जवाब देना जरूरी है। उन्होंने कहा था कि लोगों को गलतफहमी है कि सपा जीत रही है। लेकिन न तो सपा जीतेगी और न हम सपा को जीतने देंगे।”

बता दें कि गुरुवार को घोषित हो रहे नतीजों में सत्ताधारी भाजपा 270 सीटों पर बढ़त बनाकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाती दिखाई दे रही है। वहीं, सपा 128 सीटों पर आगे है जबकि बसपा एक सीट पर आगे चल रही है। कांग्रेस पार्टी 2 सीटों पर आगे चल रही है।