उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव चल रहा है और चुनाव प्रचार जारी है। उत्तर प्रदेश में ऐसे उम्मीदवार या किसी चर्चित नेता के परिवार के सदस्य भी मैदान में हैं जिनके खिलाफ मुकदमा चल रहा है। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की अमेठी सदर सीट से प्रदेश के चर्चित नेता और जेल में बंद गायत्री प्रजापति की पत्नी महराजी देवी को उम्मीदवार बनाया है। गायत्री प्रजापति दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद है। नवंबर 2021 में कोर्ट ने उन्हें सजा सुनाई थी।

न्याय दिलवाने की अपील कर रहीं पत्नी और बेटियां: बता दें कि गायत्री प्रजापति की पत्नी महराजी देवी अपनी बेटियों के साथ गांवों का दौरा कर रही है और लोगों से वोट देने की अपील कर रही हैं। कई बार जनता के बीच महराजी देवी रो पड़ती है, तो उनकी बेटियां उन्हें संभालती हैं। महराजी देवी मीडिया से बात करते हुए कहती हैं कि वह चुनाव जीतने के लिए लड़ रही है। अमेठी की जनता उनके पति को न्याय दिलाएगी। कई बार यह बोलते हुए वह रोने भी लगती हैं। महराजी देवी के आंसुओं को देख भीड़ में मौजूद महिलाएं भी रोने लगती हैं।

आजीवन कारावास की सजा: बता दें कि गायत्री प्रजापति और उनके साथी 6 लोगों पर चित्रकूट की महिला ने अपनी और अपनी नाबालिग बेटी के साथ गैंगरेप का आरोप लगाया था। महिला इस सिलसिले में सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची थी जिसके बाद मामला दर्ज हुआ था। 12 नवंबर 2021 को गायत्री प्रजापति समेत तीन आरोपियों को इस मामले में दोषी पाया गया और उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

सपा सरकार में बने थे मंत्री: 2012 के विधानसभा चुनाव में गायत्री प्रजापति ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर अमेठी विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद गायत्री प्रजापति खनन मंत्री भी रहे थे। जब यादव परिवार में विवाद हुआ उस समय गायत्री प्रजापति को अखिलेश यादव ने मंत्रिमंडल से बर्खास्त भी किया था, लेकिन बाद में फिर से उन्हें मंत्री बनाया गया था।

अमेठी से संजय सिंह बीजेपी के टिकट पर मैदान में: अमेठी से बीजेपी ने संजय सिंह को उम्मीदवार बनाया है तो वहीं समाजवादी पार्टी ने गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी महराजी देवी का उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने अमेठी से आशीष शुक्ला को प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में गायत्री प्रजापति अमेठी से चुनाव हार गए थे।