समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए अपना घोषणा पत्र (SP Manifesto 2022) जारी कर दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने घोषणा पत्र में किए वादों के बारे में बताते हुए कहा कि सभी फसलों के लिए MSP प्रदान की जाएगी। गन्ना किसानों को 15 दिन के अंदर भुगतान किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि छोटे किसानों को 2 बोरी DAP, 5 बोरी यूरिया मुफ्त मिलेगा। सपा के घोषणा पत्र में सभी किसानों को 2025 तक कर्जमुक्त करने का वादा किया गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि सभी किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, ब्याज़ मुफ्त ऋण दिया जाएगा।

सपा प्रमुख ने कहा कि अर्बन एंप्लॉयमेंट गारंटी एक्ट मनरेगा की तर्ज पर बनाया जाएगा। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33% आरक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, लड़कियों की शिक्षा को KG से PG तक मुफ्त किया जाएगा। सपा ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया है कि किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों के परिजनों को 25 लाख रु की आर्थिक मदद दी जाएगी, साथ ही स्मारक भी बनवाया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पेंशन योजना को शुरू किया जाएगा। पुरानी पेंशन योजना को बहाल करते हुए 2005 से पहले की व्यवस्था लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों को 2 गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। इसके अलावा, डायल 1809 मजदूर पावर लाइन की स्थापना की जाएगी। सपा प्रमुख ने कहा कि सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन सर्विलांस किया जाएगा। सभी थानों और तहसीलों से भ्रष्टाचार कम किया जाएगा। पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम 15 मिनट से कम करने की कोशिश होगी।

सपा ने घोषणा पत्र में वादा किया है कि विश्वविद्यालयों की सीटें दोगुनी की जाएंगी। इसके अलावा, 12वीं पास सभी छात्रों लैपटॉप वितरित किया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि स्वास्थ्य बजट को 3 गुना ज्यादा किया जाएगा।

सपा प्रमुख ने कहा कि राज्य में उद्योगों के लिए सिंगल रूफ क्लियरेंस सिस्टम बनाया जाएगा और ईऑफिस मोबाइल ऑफिस की स्थापना की जाएगी। सपा के मेनिफेस्टो में यूपी पुलिस बल में महिलाओं को 33% प्रतिनिधित्व देने का वादा भी किया गया है। इसके अलावा कहा गया है कि संविदा की व्यवस्था खत्म की जाएगी। साथ ही शिक्षा से जुड़ी भर्तियां 1 साल में भरी जाएंगी।