उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव मैनपुरी के करहल सीट से मैदान में उतरेंगे। ये पहली बार होगा जब अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इसके पहले वह लोकसभा चुनाव लड़ते रहे हैं और फिलहाल आजमगढ़ संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई के सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का दबदबा माना जाता है। 2002 के अलावा, 1993 से लगातार समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को यहां से जीत मिलती रही है। 2002 में तब इस सीट से भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली थी।
1993 और 1996 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर बाबूराम यादव इस सीट से जीतकर आए थे। 2002 में यहां से बीजेपी को जीत मिली थी। इसके बाद, 2007, 2012 और 2017 में सपा के टिकट पर सोवरन सिंह यादव विधायक चुने गए। यहां यादव मतदाता अन्य की तुलना में अधिक हैं।
इसके पहले, ऐसी चर्चाएं थीं कि अखिलेश यादव आजमगढ़ की किसी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। दरअसल, विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर पत्रकारों के एक सवाल पर अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा था कि वे आजमगढ़ से सांसद हैं और वहां की जनता से पूछकर इस बारे में फैसला करेंगे।
मैनपुरी को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का गढ़ माना जाता है। मैनपुरी सीट से 2019 के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव ने जीत दर्ज की थी। इसके पहले, मुलायम सिंह यादव मैनपुरी लोकसभा सीट से 1996, 2004, 2009 और 2014 में चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में पार्टी भी यही चाहती है कि अखिलेश मैनपुरी की करहल सीट से चुनाव लड़ें।
समाजवादी पार्टी यूपी चुनाव 2022 में जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी है। इसके लिए पार्टी बड़े-बड़े वादे कर रही है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को ऐलान किया कि सूबे में उनकी सरकार बनी तो पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल किया जाएगा। साथ ही सरकार बनने पर ‘यश भारती सम्मान’ दुबारा शुरू किया जाएगा।